ग्रीनपार्क में लखनऊ फाल्कन्स की धमाकेदार जीत:गोरखपुर लायंस को 24 रनों से हराया, अजीत वर्मा के 75 रनों की तूफानी पारी के आगे पस्त हुए गेंदबाज
शहर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में रविवार का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रहा। यूपी टी-20 लीग के मैच नंबर 26 में दोपहर 3:00 बजे से खेले गए मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने गोरखपुर लायंस को 24 रनों से करारी शिकस्त दे दी।
गोरखपुर लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो बाद में उन पर ही भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के शुरुआती तीन विकेट महज 29 रनों पर गिर गए। ओपनर मोहम्मद सैफ (4), आराध्या यादव (13) और हिमांशु सिंह (6) सस्ते में पवेलियन लौट गए।
इसके बाद क्रीज पर आए अजीत वर्मा ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी। अजीत वर्मा ने महज 45 गेंदों में 166.67 की तूफानी स्ट्राइक रेट से नाबाद 75 रन ठोक डाले। अपनी इस धमाकेदार पारी में उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के जड़े। दूसरे छोर से कृष्ण कुमार सिंह (के. के.
सिंह) ने उनका बेहतरीन साथ निभाया और 31 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रनों का अहम योगदान दिया।
दोनों की आतिशी पारी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 170 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 146 रनों पर ही सिमट गई गोरखपुर लायंस की पूरी टीम 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की शुरुआत भी बेहद निराशाजनक रही। टीम के शुरुआती 4 बल्लेबाज महज 32 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद प्रिंस यादव ने 36 गेंदों पर 5 छक्के और 1 चौका लगाकर 49 रनों की जुझारू पारी खेली और टीम को मैच में वापस लाने की कोशिश की। हालांकि, दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। नमन कुशवाहा ने 15 और प्रांजल पलावत ने 19 रनों का योगदान दिया, लेकिन लखनऊ के गेंदबाजों के आगे पूरी टीम 20 ओवर में 146 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
विपराज निगम और अभिनंदन सिंह की धारदार गेंदबाजी लखनऊ फाल्कन्स की इस जीत में गेंदबाजों का भी बड़ा हाथ रहा। अभिनंदन सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि विपराज निगम ने भी अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 3 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन और अजीत वर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ ने यह मुकाबला 24 रनों से अपने नाम कर लिया।
📡 स्रोत: NewsData.io