Ground Report: त्रिशूली में सेना का बड़ा एयर-रेस्क्यू ऑपरेशन, 400 से अधिक लोग सुरक्षित निकाले गए, हेलीकॉप्टर बने फरिश्ते

Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. नुवाकोट जिले के त्रिशूली क्षेत्र में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं. त्रिशूली नदी पर बने प्रमुख पुल ढह जाने और बांध टूटने के कारण नदी के पार के क्षेत्रों से संपर्क पूरी तरह से टूट गया है.
इस आपदा में फंसे लोगों को निकालने के लिए नेपाली सेना और प्रशासन की ओर से बेस कैंप तैयार कर बड़े पैमाने पर एयर-रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सड़क संपर्क कट जाने के कारण सेना और निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टर आपदा क्षेत्र में जीवनदायिनी साबित हो रहे हैं.
बेस कैंप से हर मिनट हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहे हैं ताकि प्रभावित इलाकों से लोगों को बाहर निकाला जा सके. पर्यटकों और नागरिकों का रेस्क्यू: अब तक 400 से अधिक फंसे हुए लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है.
आपदा के बीच स्थानीय लोगों और परिजनों में अपनों की सलामती को लेकर भारी बेचैनी देखी जा रही है. त्रिशूली क्षेत्र में स्थित एक मदरसे और स्कूल में 10 से 12 साल की उम्र के लगभग 50 बच्चे फंसे हुए थे. मलबे और पानी के तेज बहाव में इमारतें प्रभावित होने के बाद बच्चों को एक सुरक्षित कॉलोनी में ले जाया गया.
हालांकि, क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप होने के कारण सुबह के बाद परिजनों का बच्चों से संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे परिवारों की चिंता बढ़ गई है.
📡 स्रोत: NewsData.io