अपराध

गुजरात में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: दिल्ली से लाई जा रही 25.65 करोड़ की हेरोइन और मेफेड्रोन जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
गुजरात में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: दिल्ली से लाई जा रही 25.65 करोड़ की हेरोइन और मेफेड्रोन जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

Date- 22 OCt 2026, gujarat

गुजरात में ड्रग्स के खिलाफ अहमदाबाद और सूरत क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अहमदाबाद के रामोल टोल प्लाजा के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से 25 करोड़ 65 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की हेरोइन और मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, ड्रग्स की यह खेप दिल्ली से गुजरात लाई जा रही थी। मामले में अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

गुजरात में ड्रग्स के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अहमदाबाद और सूरत क्राइम ब्रांच ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर अहमदाबाद के बड़ौदा एक्सप्रेस हाईवे पर रामोल टोल प्लाजा के पास कार्रवाई की गई।

यहां महिंद्रा XUV गाड़ी में ड्रग्स लेकर जा रहे तीन आरोपियों को पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के ओखला इलाके में रहने वाले 59 वर्षीय कफील अहमद उर्फ जावेद अंसारी, 44 वर्षीय निफले नौखेज और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद इमरान उर्फ राजा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हेरोइन और मेफेड्रोन यानी MD ड्रग्स बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से लगभग 4 किलो 531 ग्राम हेरोइन और लगभग 2 किलो 497 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई है। दोनों ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत 25 करोड़ 65 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है।इसके अलावा पुलिस ने छह मोबाइल फोन, 83 हजार 900 रुपये नकद, एक डायरी और एक महिंद्रा XUV कार भी जब्त की है।

इस पूरे ऑपरेशन में सबसे अहम बात यह है कि पुलिस ने ड्रग्स की एक बड़ी खेप को अहमदाबाद में पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ड्रग्स को इंस्टेंट ड्रिंक और रेज़िनेट्स के पैकेट में पार्सल की तरह पैक करके गाड़ी में छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हुई, गुजरात में इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के तार दूसरे राज्यों और विदेश से जुड़े ड्रग्स नेटवर्क से हो सकते हैं। हेरोइन की खेप अफगानिस्तान से मंगाए जाने और गुजरात के अलावा दिल्ली तथा अन्य राज्यों में सप्लाई किए जाने की आशंका की जांच की जा रही है।पुलिस अब ड्रग्स मंगवाने वाले लोगों, सप्लायरों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक और सप्लाई चेन से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में ड्रग्स कारोबार से जुड़े और कितने बड़े नाम सामने आते हैं।

बाइट - अनुपम सिंह गेहलोत - पोलिस कमिश्नर अहमदाबाद

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।