गुना- बिना लाइसेंस डेयरी यूनिट सील, कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राघौगढ़ तहसील में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सैंपल लेने की कार्रवाई की। ग्राम बेराखेड़ी में बिना लाइसेंस संचालित डेयरी यूनिट से पनीर, मावा और दूध के नमूने लेकर यूनिट को सील कर दिया गया।
टीम ने भगत नमकीन भंडार, दीपक जैन स्वीट्स, कलर होटल और अंबिका बीकानेर मिष्ठान भंडार से मावा, पेड़ा, बर्फी और गुलाब जामुन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान आपूर्ति विभाग ने भगत नमकीन भंडार से एक और दीपक जैन स्वीट्स से चार घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए। कार्रवाई एसडीएम अमित सोनी के मार्गदर्शन में तहसीलदार अनुराग जैन सहित खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने की।