राज्य

गुना - मुख्यमंत्री ने गुना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
गुना - मुख्यमंत्री ने गुना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया

किसानों के कल्याण के लिए कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी को बढ़ावा दे रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने गुना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया

गुना - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कृषक कल्याण वर्ष में प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि के साथ पशुपालन और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दे रही है। प्रदेश के किसान कृषि कार्य के साथ पशुपालन से भी आय अर्जित कर रहे हैं। गुना जिले की धनिया और गुलाब उत्पादन के क्षेत्र में विशेष पहचान है। किसानों को उद्यानिकी से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गुना जिले के कुंभराज धनिया को शीघ्र ही जीआई टैग प्राप्त होगा। प्रदेश में उद्यानिकी का रकबा 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से गुना कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में भी प्रदेश के किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। बदलते दौर के अनुरूप पशु नस्ल सुधार जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल रहा है, जिससे कृषि कार्य को और आसान बनाने में मदद मिली है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को भी कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्नत गोपालन और डेयरी विकास के कार्यों से युवा बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं। उन्होंने किसानों से सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, विवाह एवं अन्य प्रसंगों पर अनावश्यक खर्च कम करने, कृषि भूमि नहीं बेचने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों एवं किसानों से चर्चा भी की।

विधायक चाचौड़ा श्रीमती प्रियंका पेंची ने कहा कि आज का दिन बहुत अच्छा है। शासन की योजनाओं का लाभ एक-एक व्यक्ति तक पहुंच रहा है। भारत सरकार और राज्य सरकार लगातार ऐसी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनसे लोगों का जीवन सरल हो रहा है और योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।

गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को प्रेरित किया जाना अच्छी बात है, लेकिन इसके लिए विदेशी नहीं, बल्कि स्वदेशी फॉर्मूला अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस धरती से अन्न प्राप्त होता है, उसके प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

बलराम कृषि महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कृषि से संबंधित गतिविधियों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों, प्राकृतिक खेती एवं अन्य कृषि उपयोगी विषयों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का सम्मान

कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही कृषि एवं संबंधित गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया।

समन्वित कृषि प्रणाली के क्षेत्र में विशेष कार्य के लिए ग्राम पगारा के कृषक श्री प्रीतम पिता श्री प्रेमनारायण लोधा, गुलाब की उन्नत खेती एवं प्राकृतिक खेती के लिए ग्राम खटकिया के कृषक श्री बृजमोहन केवट, प्राकृतिक खेती, बीआरसी सेंटर एवं सब्जियों की उन्नत खेती के लिए ग्राम सोरामपुरा के कृषक श्री उधम सिंह पिता श्री बालमुकुंद, प्राकृतिक खेती, बीआरसी सेंटर, सब्जियों की उन्नत खेती, मसाले एवं औषधीय फसलों की उन्नत खेती के लिए ग्राम सिंगारपुर के कृषक श्री मोहन सिलावट पिता श्री मौधो सिंह को सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार शरबती गेहूं उत्पादन एवं जैविक खेती के लिए ग्राम अंबारामचक के कृषक श्री नाथूराम पिता श्री हरिसिंह लोधा, थाईपिंग अमरूद एवं जैविक सब्जी उत्पादन नर्सरी के लिए ग्राम करीली की कृषक श्रीमती शांता पटेलिया पिता श्री कमलेश, जैविक खेती, ग्रीष्मकालीन मूंगफली, तरबूज एवं चिया सीड्स की खेती के लिए ग्राम पुरापोषर की कृषक श्रीमती शिवानी लोधा पिता श्री रिंकू, डेयरी फार्मिंग, बीआरसी सेंटर, कृषि सखी एवं प्राकृतिक खेती के लिए ग्राम धनोरिया के कृषक श्री अवधेश पिता श्री सीताराम धाकड़ को सम्मानित किया गया।

सब्जी उत्पादन, बीआरसी सेंटर, प्राकृतिक खेती एवं मसाला उत्पादन के लिए ग्राम गोलाखेड़ी की कृषक श्रीमती सरोज पिता श्री रामभरोसा, जैविक खेती, बीआरसी सेंटर एवं सब्जी उत्पादन के लिए ग्राम रुसल्लात की कृषक श्रीमती पुष्पलताबाई पिता श्री सुखबीर, चिया सीड्स, प्राकृतिक खेती एवं कृषि सखी के लिए ग्राम पगारा के कृषक श्री किरण पिता स्व. श्री मौसम, ड्रोन कृषक सखी, प्राकृतिक खेती एवं वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के लिए ग्राम बनेह के कृषक श्री विष्णु पिता श्री रामचरण धाकड़ को भी सम्मानित किया गया।

प्राकृतिक खेती, लहसुन एवं प्याज की उन्नत खेती तथा पॉलीहाउस में गुलाब की उन्नत खेती के लिए ग्राम चिड़रउ के कृषक श्रीमान सिंह पिता श्री रामा पटेलिया, रेशम उत्पादन, चिया सीड्स एवं सब्जी उत्पादन के लिए ग्राम खामखेड़ा के कृषक श्री राजीव रघुवंशी पिता श्री अनंत सिंह, हाईटेक खेती, जैविक खेती एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाई के लिए ग्राम हनुमतखेड़ा के कृषक श्री राम सिंह पिता श्री दीता पटेलिया तथा कपास की खेती, रेशम उत्पादन, मल्चिंग पर सब्जी उत्पादन एवं ड्रिप इरीगेशन के उपयोग के लिए कृषकों को सम्मानित किया गया।

फोटो 6 से 26

जिला स्‍तरीय जनसुनवाई में आए 235 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश

शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 235 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।

रेडक्रॉस सोसायटी से जरूरतमंद हितग्राहियों को प्रदान की गई आर्थिक सहायता

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से विभिन्‍न जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। आज कलेक्‍टर श्री कन्‍याल द्वारा आवेदिका पवित्रा अहिरवार को उनके ऑखों के इलाज के लिए तथा राघौगढ़ के श्री प्रेमनारायण जोगी को उनकी आर्थिक स्थिति से संबंधित सहायता स्‍वरूप 10-10 हजार रूपये एवं ग्राम भादौर तहसील आरोन के श्री अशोक कुमार को आर्थिक सहायता राशि 5000 रूपये का चैक प्रदान किया। आज जनसुनवाई में अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

फोटो 27 से 33

आधा दर्जन से ज़्यादा होटल ढाबों पर अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्यवाही

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान एवं श्री संदीप शर्मा उपायुक्त संभाग ग्वालियर के निर्देशन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में दिनांक 16 अगस्‍त 2026 को आबकारी वृत्त गुना -1 के प्रभारी श्री राधाकिशन द्वारा गुना शहर में अवैध होटल/ढाबों पर कार्यवाही की गई। कार्यवाही में कुशवाह ढाबा इंडस्ट्रियल एरिया, मोनू ढाबा एवं महफ़िल ढाबा ट्रांसपोर्ट नगर, यादव ढाबा बजरंगगढ़ रोड, राठौर ढाबा एवं सम्राट होटल दशहरा मैदान पर कार्यवाही की गई। उक्त होटल ढाबों पर अवैध मदिरा पिलायी जा रही। आबकारी बल को देखकर भगदड़ मच गई। इसके अलावा विनायक खेड़ी एवं सिंगवासा चक पर दबिश दिखायी कन्हा से 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। कुल 7 प्रकरण आबकारी एक्ट के अंतर्गत पंजीबद्ध किए गए।

उक्त कार्यवाही में आबकारी मुख्य आरक्षक श्री रामहेत सिंह कुशवाह,आबकारी आरक्षक श्री गोविंद सिंह मीना, अरुण कुमार शर्मा, कमल बरौदिया, महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी, खुशबू रघुवंशी, की भूमिका सराहनीय रही। आबकारी विभाग लगातार अपनी कार्यवाही में सजगता दिखा रहा है।

फोटो 2 से 4

प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा किया गया जिला जेल गुना का औचक निरीक्षण

गुना 18 अगस्‍त 2026

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुना श्री अमिताभ मिश्र द्वारा मंगलवार को जिला जेल गुना का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों के मानवाधिकारों की सुरक्षा, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा के साथ-साथ प्रत्येक बंदी तक निःशुल्क विधिक सहायता की पहुँच सुनिश्चित करना रहा।

उक्त निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुना श्री अमिताभ मिश्र द्वारा बंदियों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा बैरक का निरीक्षण कर जेल में बंदियों के खान पान की व्यवस्था, स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं इत्यादि के बारे में जानकारी ली गई।

उपरोक्त के अतिरिक्त निःशुल्क विधिक सहायता के अंतर्गत ऐसे बंदी जो आर्थिक रूप से असमर्थ हैं या जिनके पास पैरवी हेतु वकील उपलब्ध नहीं है, को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से तत्काल निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उक्त अवसर पर सुश्री मधुलिका मुले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गुना द्वारा बंदियों को उनके संवैधानिक व कानूनी अधिकारों, जमानत संबंधी प्रावधानों तथा न्यायालय में पेशी की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

श्रीमती वंदना त्रिपाठी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना द्वारा बंदियों से चर्चा कर उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, जमानत संबंधी अधिकार, प्लीबारगेनिंग आदि के बारे में जानकारी दी गयी।

श्री सर्वेश चतुर्वेदी जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा जेल मुलाकात एरिया में स्थापित जेल लीगल एड क्लीनिक के बारे में समस्त बंदियों को जानकारी प्रदान की गयी तथा नालसा नशा पीडितों हेतु विधिक सेवा योजना 2015 के प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।

फोटो 5

जिले में अब तक 751.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

पिछले 24 घंटे में 2.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज

गुना 18 अगस्‍त 2026

गुना जिले में 01 जून से अब तक 751.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जो कि सामान्य वर्षा का 71.3 प्रतिशत है। जिले में गत वर्ष इसी अवधि में 1200.4 औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1053.5 मिलीमीटर है।

अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 01 जून से 18 अगस्‍त 2026 प्रात: 8:00 बजे तक जिले के वर्षामापी केन्द्र गुना में 547.9 मिलीमीटर, बमोरी में 443.6, आरोन में 609.0, राघौगढ़ में 708.0, चांचौड़ा में 784.0, कुम्भराज में 1014.0 तथा वर्षा मापी केन्द्र मक्‍सूदनगढ में 1154.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

जिले में बीते 24 घंटे में 2.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में वर्षा मापी केन्द्र गुना में 0.9 मिमी., बमोरी में 4.0 मिमी., आरोन में 0.0 मिमी., राघौगढ़ में 0.0 मिमी., चांचौड़ा में 6.0 मिमी., कुंभराज में 0.0 एवं वर्षामापी केन्द्र मक्‍सूदनगढ़ में 5.0 मिमी. वर्षा दर्ज की गई।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।