राज्य

गुना- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
गुना- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, अतिक्रमण, गौवंश व्यवस्था, नाप-तौल, ई-ऑफिस सहित विभिन्न विभागीय प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है।

स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय कार्य, राजस्व, पंचायत एवं कृषि विभाग सहित सभी विभाग शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर निराकरण की गति बढ़ाएं। उन्होंने नेशनल हाईवे पर प्रकाश व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हाईवे पर पर्याप्त एवं सुचारू प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। कलेक्टर ने नाप-तौल विभाग को निर्देश दिए कि कम मात्रा में सामग्री देने, गलत तौल करने अथवा उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बाजारों में नियमित जांच अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में सही सामग्री मिले। साथ ही एक्सपायरी डेट की वस्तुओं की बिक्री पर भी प्रभावी निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जाए।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।