गुना - सामाजिक न्याय एवं श्रम विभाग की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा

सामाजिक न्याय एवं श्रम विभाग की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा 20 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह सम्मेलन, पात्र हितग्राहियों का समय पर पंजीयन कराने के निर्देश
गुना - कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पेंशन योजनाओं, दिव्यांगजन कल्याण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, स्पर्श एवं यूडीआईडी पोर्टल, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना, श्रमिक पंजीयन, बाल एवं बंधुआ श्रम उन्मूलन तथा सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
20 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह सम्मेलन मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि शासन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर 2026 को सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही जोड़े को कुल 55 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें वधू को 49 हजार रुपये तथा आयोजन व्यवस्था के लिए 6 हजार रुपये की राशि निर्धारित है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र जोड़ों का समय पर पंजीयन कराकर सम्मेलन की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, वृद्धाश्रम संचालन, जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र तथा नशा मुक्ति अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के 50 एवं 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, श्रमिक पंजीयन, बाल एवं बंधुआ श्रम उन्मूलन तथा सीएम हेल्पलाइन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने श्रम निरीक्षक श्री ब्रिजेन्द्र सिंह को श्रमिकों से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों एवं पंजीयन आवेदनों की निकायवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों के लंबित प्रकरणों एवं अनुग्रह सहायता आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई जारी है।
कलेक्टर ने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र श्रमिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना तथा भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा एवं श्रमिक कल्याण से जुड़ी योजनाएं शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं पात्र वर्ग को सुरक्षा और सहायता प्रदान करना है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और लंबित प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फोटो 9 से 11
गुना जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा अधिसूचित क्षेत्र घोषित, जल-जनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए दल गठित गुना 20 अगस्त 2026 गुना जिले में जल-जनित एवं संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा को अधिसूचित क्षेत्र घोषित किया गया है।
यह कार्रवाई आपत्तिजनक हैजा विनियम, 1983 के नियम 03 के तहत की गई है। इसके साथ ही हैजा, आंत्रशोध, पेचिस, पीलिया, मस्तिष्क ज्वर सहित अन्य जल-जनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त दल का गठन किया गया है।
गठित दल द्वारा जिले में रोगों के संभावित प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक जांच, निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गठित समिति में संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी राजस्व को अध्यक्ष तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी/सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय गुना को सचिव बनाया गया है।
समिति में संबंधित विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी, संबंधित नगर पालिका/नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य निरीक्षक, जनपद पंचायत क्षेत्र के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुभाग स्तरीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा संबंधित पुलिस थाने के थाना प्रभारी को सदस्य बनाया गया है।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने निर्देशित किया है कि गठित दल द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में जल-जनित एवं संक्रामक रोगों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए।
सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, पेयजल की शुद्धता तथा स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की जाए और बीमारी के फैलने की स्थिति में तत्काल आवश्यक प्रतिबंधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत रामेश्वरम यात्रा के लिए 01 सितंबर तक करें आवेदन गुना 20 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत गुना जिले से दिनांक 07 सितम्बर 2026 से 12 सितम्बर 2026 तक "रामेश्वरम" तीर्थ यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा में गुना जिले से 196 यात्री तथा 04 अनुरक्षक की भागीदारी निर्धारित है।
यात्रा में सम्मिलित होने के इच्छुक आवेदक आवेदन पत्र दिनांक 20 अगस्त 2026 से 01 सितम्बर 2026 तक अनिवार्य रूप से संबंधित नगरपालिका एवं जनपद पंचायत कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। पात्रता संबंधी नियम योजना का लाभ केवल मध्यप्रदेश के मूल निवासी को मिलेगा।
आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए तथा उसकी आयु 60 वर्ष पूर्ण होना आवश्यक है। महिलाओं के लिए न्यूनतम आयु 58 वर्ष निर्धारित है। 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों पर आयु सीमा लागू नहीं होगी। पति-पत्नी में से किसी एक के पात्र होने पर जीवनसाथी भी यात्रा के लिए पात्र होगा।
अधिकतम 25 व्यक्तियों का समूह आवेदन कर सकता है, जिसमें समूह प्रमुख मुख्य आवेदक होगा। आवेदक शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए तथा किसी संक्रामक रोग से ग्रसित नहीं होना चाहिए। इसके लिए चिकित्सीय प्रमाण-पत्र आवश्यक रहेगा।
65 वर्ष से अधिक आयु के अकेले यात्री तथा 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग यात्री अपने साथ एक सहायक (केयर टेकर) ले जा सकेंगे। एक आवेदक केवल एक तीर्थ स्थल के लिए आवेदन कर सकेगा।
प्राप्त आवेदनों की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक होने पर चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा तथा निर्धारित कोटे के अतिरिक्त 10 प्रतिशत प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ अंतर्गत दिनांक 21 अगस्त को आरोन विकासखंड में लगेगा तीसरा शिविर गुना 20 अगस्त 2026
जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत तीसरा जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार 21 अगस्त को आरोन विकासखंड के पंचायत भवन झाझौन में आयोजित होगा। गुना जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत 7 अगस्त से 08 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले जन-विश्वास शिविरों के स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं।
हर माह प्रत्येक शुक्रवार को इन शिविरों का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ गुना जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित होने जा रहा है।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शिविरों की तिथि व स्थल निर्धारित करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। साथ ही शिविरों में आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
जिला स्तरीय शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं क्लस्टर स्तरीय शिविर में खंड स्तरीय अधिकारी अनिवार्यत: मौजूद रहेंगे। जिले का तीसरा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर 21 अगस्त को आरोन में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत गुना जिले का तीसरा जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार 21 अगस्त को आरोन में आयोजित होगा।
इस शिविर में आरोन विकासखंड की ग्राम पंचायत इमलिया, रिजौदा, कुसमांद, ककरूआ, सावनभादों, शहवाजपुर, शहरोक, पिपरौदा मैना, रामगिरकला, पाटन, झाझौन, सगाबरखेडा, अमोदा, बारोद, बनबीरखेडी, ढिमरयाई, सालय, सिरसी तथा बरोद ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन लाभान्वित होंगे। डिप्टी कलेक्टर सुश्री चौधरी ने किया उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण.
गुना 20 अगस्त 2026 डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी ने गुरूवार को तहसील राघौगढ में उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकानों में अगस्त और सितंबर (2 माह) का राशन वितरित किया जाना पाया गया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत भी की गई।
जिसमें उन्होंने बताया की सभी को राशन बिना किसी समस्या के उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी नहीं हुई है उन्हें राशन वितरण नहीं हो पा रहा है इसके लिए उन्हें ई-केवाईसी करने की सलाह दी गई। फोटो 2 एवं 3 अगस्त एवं सितम्बर माह का राशन 31 अगस्त तक किया जाएगा वितरित गुना 19 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं शासन के निर्देशों के परिपालन में जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर अगस्त एवं सितम्बर माह का खाद्यान्न एक साथ वितरित किया जा रहा है। खाद्यान्न का वितरण 31 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पाण्डेय ने बताया हैं कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य दुकान के बाहर अगस्त एवं सितम्बर माह के खाद्यान्न वितरण से संबंधित सूचना का बोर्ड प्रदर्शित किया जा रहा है।
खाद्यान्न पर्ची से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों द्वारा स्थानीय निकायों के साथ समन्वय कर कार्यवाही की जा रही है। खाद्यान्न प्राप्त करते समय प्रत्येक उपभोक्ता को दो बार बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाना अनिवार्य है।
उपभोक्ताओं से निर्धारित अवधि में उचित मूल्य दुकान पर पहुंचकर खाद्यान्न प्राप्त करने की अपील की गई है। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक गुना 20 अगस्त 2026 शासकीय महाविद्यालय गुना की एनसीसी डी कंपनी द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 35वीं वाहिनी एनसीसी शिवपुरी के कमान अधिकारी कर्नल विजय वीर सिंह धईया एवं एडम अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल ए.एन. रेड्डी के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वी.के. तिवारी की अनुमति से किया गया।
व्याख्यान में वनस्पति विभाग के डॉ. मधुप श्रीवास्तव ने क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। जिला चिकित्सालय गुना के जिला टीबी समन्वयक श्री विपिन सक्सेना ने टीबी मुक्त भारत अभियान, निक्षय मित्र की भूमिका तथा अभियान में एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में सूबेदार मूलाराम, हवलदार नागराज, डॉ. तजेंद्र नागर सहित लगभग 75 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार भिरोरिया ने किया तथा आभार वरिष्ठ कैडेट अजय कुमार मीणा ने व्यक्त किया। फोटो 4 इफको ने आयोजित किया सहकारी कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम गुना 20 अगस्त 2026
इफको (इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइज़र कोऑपरेटिव लिमिटेड) द्वारा होटल राजश्री, गुना में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत सहकारी समितियों के शाखा प्रबंधक, समिति प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 सहकारी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त सहकारिता श्री दिनेश चौरसिया तथा विशेष अतिथि इफको राज्य कार्यालय भोपाल के उप प्रक्षेत्र प्रबंधक श्री विकास चौरसिया रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक श्री नवीन शर्मा, जिला सहकारी बैंक की मार्केटिंग इंचार्ज सुश्री नेहा चंदेल, कृषि विभाग के फर्टिलाइजर इंचार्ज श्री प्रदीप साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य मृदा एवं खेतों के स्वास्थ्य का संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देना, जैव उर्वरक, बायो डीकम्पोजर एवं नैनो उर्वरकों के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
इफको क्षेत्रीय अधिकारी श्री मोहित जैन ने अतिथियों का स्वागत कर इफको का परिचय दिया एवं समितियों के लिए व्यवसायिक मॉडल प्रस्तुत किया।
श्री विकास चौरसिया ने जैव एवं नैनो उर्वरकों की उपयोगिता, श्री सूरज पाटीदार ने सागरिका, सुश्री नेहा चंदेल ने समितियों के माध्यम से उत्पादों के प्रचार-प्रसार तथा श्री प्रदीप साहू ने ई-टोकन एवं नैनो उर्वरकों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि श्री दिनेश चौरसिया ने सहकारी समितियों से किसानों के बीच मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा जैव एवं नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री मोहित जैन ने किया। आयोजन को सफल बनाने में SFA भूरा धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फोटो 5 से 7 सफलता की कहानी
आईटीआई गुना के छात्र सोहिब खान बने रेलवे टेक्नीशियन गुना 20 अगस्त 2026 गुना के घोसीपुरा निवासी सोहिब खान ने सीमित संसाधनों और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत, लगन और मार्गदर्शन के बल पर रेलवे में टेक्नीशियन के पद तक पहुंचकर सफलता हासिल की है।
वर्तमान में वे सीआरडब्ल्यूएस भोपाल रेलवे वर्कशॉप में रेलवे टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। सोहिब खान ने बताया कि उनके पिता मजदूरी का कार्य करते हैं और परिवार आर्थिक रूप से साधारण है। इसके बावजूद उनके माता-पिता ने हमेशा ईमानदारी, मेहनत और शिक्षा का महत्व सिखाते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
बचपन से ही इलेक्ट्रिकल कार्यों में रुचि होने के कारण उन्होंने आईटीआई में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का चयन किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय आईटीआई गुना की इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की शिक्षिका रचना रघुवंशी को दिया। उनके अनुसार शिक्षिका ने सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण में भी धैर्यपूर्वक मार्गदर्शन किया।
नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास पर दिए गए उनके मार्गदर्शन से वायरिंग, मोटर कंट्रोल, पैनल बोर्ड, इंटरलॉकिंग, मेंटेनेंस और फॉल्ट फाइंडिंग जैसे कार्यों में दक्षता हासिल करने में मदद मिली।
सोहिब खान ने कहा कि आईटीआई गुना, शिक्षिका रचना रघुवंशी के मार्गदर्शन, माता-पिता के आशीर्वाद और अपनी लगन के कारण वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। उन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षिका और आईटीआई गुना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में अपने ज्ञान और कौशल से देश और समाज की सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया। फोटो 8