खेल

गुपड़ा की बेटियां नेटबॉल में उप-विजेता

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
गुपड़ा की बेटियां  नेटबॉल में उप-विजेता

70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुपड़ा की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

उदयपुर, 22 सितंबर 2026। 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में वल्लभनगर ब्लॉक की बेटियों ने खेल प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। कोटा कैरियर स्कूल, वासनी, फतहनगर में आयोजित 14 वर्ष आयु वर्ग की नेटबॉल प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुपड़ा की बालिका टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उप-विजेता का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भल्लों का गुड़ा की टीम के साथ हुआ। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। गुपड़ा की खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और जोश के साथ खेलते हुए अंतिम क्षण तक मुकाबले में अपना दमखम बनाए रखा। हालांकि, निर्धारित खेल के बाद गुपड़ा की टीम 17-9 के स्कोर से उप-विजेता रही।

टीम प्रभारी पपीता भावसार ने बताया कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षिका अनीता सारस्वत के मार्गदर्शन तथा पूरी टीम की निरंतर मेहनत को दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य भंवर सिंह राठौड़ सहित समस्त स्टाफ और ग्रामवासियों ने बालिका टीम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की इन बेटियों ने अपनी प्रतिभा और लगन से विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। टीम की इस सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।