गुटखा थूकने से रोका,ससुर ने बहू पर किया हमला:बेमेतरा में चाकू से वार कर किया घायल, पेट और उंगली पर आई चोट, आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा के चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में घर में गुटखा थूकने से रोकने पर ससुर ने अपनी बहू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला के पेट और हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी 65 वर्षीय ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना 14 अगस्त की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। पीड़िता ताजेश्वरी घृतलहरे ने अपने ससुर गोविंद घृतलहरे (65) को घर में गुटखा थूकने से मना किया। इस बात पर गोविंद गुस्से में आ गया और बहू से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। सब्जी काटने वाले चाकू से किया वार इसके बाद उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से ताजेश्वरी के पेट पर वार कर दिया। बचाव के दौरान महिला ने हाथ आगे किया, जिससे उसकी उंगली में भी चोट आई। परिजनों ने बीच-बचाव कर बचाया महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इसके बाद भी महिला पर दोबारा हमला करने की कोशिश कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। निशानदेही पर हथियार बरामद घटना की सूचना के बाद चंदनू पुलिस ने BNS की धारा 109, 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी गोविंद घृतलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हमला करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को 15 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में की गई।
📡 स्रोत: NewsData.io