ग्वालियर: डबरा में आयोजित होगा “बलराम कृषि महोत्सव”, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे किसानों से वर्चुअल संवाद

फसल उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल कृषि और कृषक कल्याणकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी ग्वालियर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 अगस्त को ग्वालियर जिले के किसानों से संवाद करेंगे और कृषि नवाचारों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत 25 अगस्त को डबरा कृषि उपज मंडी परिसर में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव से जुड़ेंगे और सीधा संवाद करेंगे।
इस राज्य-स्तरीय और जिला-स्तरीय आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषकगण उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सोमवार को कृषि उपज मंडी डबरा पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन को प्रभावी व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत और अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री की पहल पर सभी जिलों में “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं।
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान किसानों की आय बढ़ाने, उनके जीवन स्तर को उन्नत करने और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
साथ ही, कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई और उन्नत कृषि यंत्रों की जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने अधिक से अधिक किसानों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।