राज्य

ग्वालियर: रानीपुरा बस्ती में कलेक्टर रुचिका चौहान का औचक निरीक्षण

लेखक: Neeraj Verma अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ग्वालियर: रानीपुरा बस्ती में कलेक्टर रुचिका चौहान का औचक निरीक्षण

स्ट्रीट लाइट, सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, नागरिकों से जानी समस्याएं

ग्वालियर। शहर की बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान मंगलवार देर शाम चार शहर का नाका क्षेत्र की रानीपुरा बस्ती पहुंचीं। बिना पूर्व सूचना किए गए औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस्ती में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, कचरा प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस्ती की सभी स्ट्रीट लाइटें चालू स्थिति में रहें। बंद पड़ी लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बस्ती में नियमित रूप से कचरा वाहन पहुंचाने और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा।

कलेक्टर ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। नागरिकों ने साफ-सफाई के साथ बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर पानी जमा होने की समस्या भी बताई। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को नालियों और नालों के ऊपर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।

उन्होंने नागरिकों से घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित कचरा वाहन में ही डालने की अपील की। साथ ही पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए भी जागरूक रहने को कहा।

बस्ती के नागरिकों ने सड़क निर्माण की मांग भी कलेक्टर के सामने रखी। इस पर नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बताया कि बस्ती में सड़क निर्माण संबंधी फाइल स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

औचक निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव सहित निगम के अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

N
Neeraj Verma

नीरज वर्मा मुरैना के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो वॉयस ऑफ क्रांति के लिए मुरैना की राजनीति से लेकर सामाजिक समस्याओं को कवर करते हैं।