ग्वालियर- राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की पुस्तक प्रदर्शनी का कलेक्टर ने किया शुभारंभ

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि पुस्तकों से अच्छा कोई मित्र नहीं होता। प्रत्येक व्यक्ति को निरंतर अच्छे साहित्य का अध्ययन करते रहना चाहिए। पुस्तकों के अध्ययन से व्यक्ति के जीवन का सर्वांगीण विकास होता है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के दौर में भी पुस्तकों से पढ़ी गई बातें लंबे समय तक स्मरण रहती हैं। विद्यार्थियों को जीवन में नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि पढ़ने से ही जीवन में विकास के नए द्वार खुलते हैं।
उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित रीडिंग क्लबों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे क्लबों के सदस्य कुछ समय के लिए मोबाइल से दूरी बनाकर पार्क या अन्य सुरक्षित स्थानों पर पुस्तकें पढ़ते हैं और आपस में विचार-विमर्श करते हैं। इस प्रकार के रीडिंग क्लब ग्वालियर सहित सभी शहरों में भी गठित किए जाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि ग्वालियर की सेंट्रल लाइब्रेरी में अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन करते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मिले, इसके लिए शहर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी प्रदर्शनी का भ्रमण कराने की व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के श्री विक्रम सिंह राणा ने प्रदर्शनी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि न्यास द्वारा मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न शहरों में पुस्तक प्रदर्शनियां आयोजित की जाती हैं। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से देश के प्रमुख साहित्यकारों की पुस्तकें आमजन के लिए उपलब्ध कराई जाती हैं।
न्यास का उद्देश्य नागरिकों को किफायती दामों पर उत्कृष्ट साहित्य उपलब्ध कराना है। सेंट्रल लाइब्रेरी के ग्रंथपाल श्री राकेश शर्मा ने लाइब्रेरी की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम अधिकारी श्री आर.के. त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की ओर से अतिथियों को पुस्तकें भेंट की गईं। सभी आयु वर्ग के लिए उपलब्ध हैं पुस्तकें
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्रदर्शनी के शुभारंभ के बाद विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। 22 से 30 अगस्त तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में बच्चों, विद्यार्थियों सहित सभी आयु वर्ग के पाठकों के लिए विभिन्न विषयों की महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं। प्रदर्शनी में पुस्तकों की कीमतें भी किफायती रखी गई हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।