राज्य

ग्वालियर : संत रविदास जी के विचार समाज में समानता और समरसता की मजबूत नींव हैं – मंत्री नारायण सिंह कुशवाह

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ग्वालियर :  संत रविदास जी के विचार समाज में समानता और समरसता की मजबूत नींव हैं – मंत्री नारायण सिंह कुशवाह

संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को ग्वालियर में “सामाजिक समरसता एवं कलश वंदन यात्रा” का आयोजन किया गया। इस विशेष यात्रा में सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने मुख्य रूप से शामिल होकर संत रविदास जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने अपने जीवनकाल में समानता, समरसता और भाईचारे का अनूठा संदेश देकर पूरे समाज को एक नई दिशा प्रदान की। उनकी शिक्षाएं आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जो सामाजिक भेदभाव को पूरी तरह समाप्त कर एक समरस और सद्भावपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं।

यह यात्रा शहर के हनुमान चौराहे से आरंभ होकर 52 पायगा, सूबे की गोठ, पारदी मोहल्ला, रामबाग कॉलोनी, गेंडेवाली सड़क और शिंदे की छावनी जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए छप्परवाला पुल तक पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

यात्रा का समापन छप्परवाला पुल के समीप स्थित 'संत रविदास जी की बगिया' में हुआ, जहां संत रविदास जी की आरती की गई। समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के विचारों पर चलने तथा समाज में आपसी भाईचारे और समानता की भावना को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित अभय चौधरी, राजू पलैया, ओमप्रकाश धनोल, विनय जैन और केशव मांझी सहित बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।