ग्वालियर: सुपावली में जन-विश्वास शिविर में 91 शिकायतों का निराकरण, करीब 100 आवेदन पहुंचे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
ग्वालियर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मुरार विकासखंड के ग्राम सुपावली में शुक्रवार को छठवें जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीएम हेल्पलाइन की 91 शिकायतों का निराकरण किया गया, जबकि करीब 100 आवेदन सीधे प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया और 38 आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया।
शिविर में सांसद भारत सिंह कुशवाह, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निराकरण की कार्रवाई की।
शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, लाड़ली लक्ष्मी योजना और गर्भवती माताओं के लिए पोषण आहार किट से संबंधित स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। ग्रामीणों की सुविधा के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए। दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने के लिए मेडिकल बोर्ड भी शिविर में मौजूद रहा।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी, उन्नत पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की अनुदान आधारित योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर योजना और उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कुशवाह ने युवाओं से भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार और उद्यम स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं का व्यवसाय शुरू कर रोजगार पाने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। शिविर में सेवा-संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप उद्यमी संवाद और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संवाद भी आयोजित किया गया।
उद्यमी संवाद में ग्राम सौंसा के रवि कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 8.75 लाख रुपये के अनुदान सहित 25 लाख रुपये का ऋण लेकर ऑयल मिल स्थापित की। उनके अनुसार, इस इकाई से 15 लोगों को रोजगार मिला है और वार्षिक टर्नओवर करीब एक करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
टिहौली निवासी दिव्यांग युवक आसीन अली ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत चार लाख रुपये का ऋण लेकर पशु आहार की दुकान शुरू की। उनके अनुसार, व्यवसाय से उन्हें आय के साथ तीन लोगों को रोजगार भी मिला है। जनारपुरा निवासी धीर सिंह ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से कैटरिंग व्यवसाय शुरू किया है और करीब आठ लाख रुपये वार्षिक आय होने की जानकारी दी। संवाद में अन्य युवाओं ने भी विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से शुरू किए गए अपने व्यवसायों की जानकारी साझा की।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संवाद में युवा इन्फ्लुएंसर प्रशांत पटेरिया ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनहितकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि वे सोशल मीडिया कंटेंट के साथ स्वच्छता और पौधरोपण जैसी गतिविधियों से भी जुड़े हैं। सुपावली के अन्य युवा इन्फ्लुएंसरों ने भी संवाद में भाग लिया।
शिविर से पहले कलेक्टर रुचिका चौहान और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने सुपावली के आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और हाईस्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय में साफ-सफाई, भवन एवं छत की मरम्मत, विद्युत फिटिंग और रंगाई-पुताई के कार्य पंचायत निधि से कराने के निर्देश दिए गए। हाईस्कूल में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
विद्यालयों की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने हाईस्कूल की प्राचार्य रामवती अहिरवार और प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्योतिकांता पाराशर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पंचायत सचिव और आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हीं बच्ची भूमि ने ‘तितली उड़ी, बस पर चढ़ी’ कविता सुनाई, जबकि बालिका दिवांशी ने ‘मछली जल की रानी है’ कविता सुनाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
जन-विश्वास शिविर से पहले विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की।