अपराध

हबीबगंज थाना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, नर्मदा अस्पताल के पास महिला का पर्स झपटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
हबीबगंज थाना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, नर्मदा अस्पताल के पास महिला का पर्स झपटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

भोपाल, 10 सितंबर। हबीबगंज थाना पुलिस ने नर्मदा अस्पताल के पास ऑटो में जा रही महिला से पर्स झपटने के मामले का खुलासा करते हुए 18 वर्षीय आरोपी अल्तमश कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अयान उर्फ तौसिफ के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त की रात करीब 9 बजे नीरज दुबे अपनी पत्नी जयश्री को भोपाल रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए उबर ऑटो से रवाना कर रहे थे। पत्नी, बेटा और भतीजा सामान के साथ ऑटो में सवार थे, जबकि नीरज बाइक से ऑटो के पीछे चल रहे थे। नर्मदा अस्पताल के आगे ब्रिज के नीचे मोड़ पर सफेद स्कूटर सवार दो युवक ऑटो के पास पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने ऑटो में बैठी जयश्री की गोद में रखा लेडीज पर्स झपट लिया और दोनों मौके से फरार हो गए।

पर्स में वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, करीब पांच हजार रुपये नकद, सोने की बालियां, मंगलसूत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, वाहन संबंधी दस्तावेज और दोपहिया वाहन की चाबी रखी थी। शिकायत के आधार पर हबीबगंज थाने में अपराध क्रमांक 600/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब एक सैकड़ा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध गांधी नगर क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अल्तमश कुरैशी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अयान उर्फ तौसिफ के साथ घूमने निकला था। दोनों ने जल्दी पैसा कमाने के लिए बड़ी वारदात करने की योजना बनाई। इसके बाद 25 अगस्त की रात अयान की मोपेड से नर्मदा अस्पताल के पास पहुंचे और ऑटो में बच्चों के साथ जा रही महिला को निशाना बनाया। आरोपी के अनुसार झपटे गए पर्स में मोबाइल फोन, नकदी, सोने की बालियां, मंगलसूत्र और दस्तावेज मिले थे। इनमें से मोबाइल फोन और 1500 रुपये उसने अपने पास रखे, जबकि सोने की बालियां, मंगलसूत्र और 1500 रुपये अयान उर्फ तौसिफ ने रख लिए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अल्तमश कुरैशी, उम्र 18 वर्ष, निवासी मोती नगर, थाना ऐशबाग, भोपाल के रूप में की है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें ऐशबाग, मंगलवारा और शाहपुरा थानों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले शामिल हैं। इनमें कुछ मामले उस समय के हैं, जब आरोपी की उम्र 17 वर्ष थी।

वारदात में शामिल अयान उर्फ तौसिफ, उम्र 20 वर्ष, निवासी जहांगीराबाद भोपाल, फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद वारदात में शामिल अन्य सामान की बरामदगी के संबंध में भी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कार्रवाई में निरीक्षक संजीव चौकसे, उप निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक विश्वनाथ उइके, आरक्षक रामनरेश किरार, अरविंद यादव, कंचन यादव और राकेश भारद्वाज की सराहनीय भूमिका रही।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।