देश

‘हमारे सामने हर कोई समान है’, राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में SC की टिप्पणी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
‘हमारे सामने हर कोई समान है’, राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में SC की टिप्पणी

नई दिल्ली, 09 सितंबर: सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा वाले बयान से जुड़े मामले पर आज सुनवाई हुई। शिकायतकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने कोर्ट से मामले को जल्द सुनवाई के लिए अलग से सूचीबद्ध करने की मांग की।

इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि अदालत में सभी के लिए समान प्रक्रिया है और तय प्रक्रिया के तहत ही सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान अधिवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी इस मामले में कोई VIP नहीं हैं और उनकी अपील करीब पांच महीने से सुनवाई के लिए लंबित है। उन्होंने कहा कि मामला कई बार सूचीबद्ध हुआ, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी।इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा, "हमारे सामने सब बराबर हैं।" कोर्ट ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद उस पर विचार किया जाएगा।

मामला दिसंबर 2022 में राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिए गए उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर भारतीय सैनिकों पर चीनी सैनिकों के हमले का दावा किया था।

इस बयान को लेकर BRO के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने लखनऊ की अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। निचली अदालत के समन को राहुल गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत की कार्रवाई पर पहले ही रोक लगा रखी है।

फोटो: सुप्रीम कोर्ट

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।