राजनीति

हमीरपुर में आस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
हमीरपुर में आस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प

अक्तूबर 17,हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): मेरा युवा भारत (MY Bharat), हमीरपुर द्वारा हमीर बी.एड. कॉलेज में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट (आस-पड़ोस युवा संसद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “नशा मुक्त भारत” रही। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए मंच प्रदान करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में डॉ. शिवाली ठाकुर, प्राचार्य, हमीर बी.एड. कॉलेज, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा युवाओं के विकास, जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, हमीरपुर ने युवाओं को माय भारत पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर सनी, यूथ ऑर्गेनाइजर ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

वहीं, आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन से अश्वनी कुमार ने ध्यान (मेडिटेशन) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को बताया कि नियमित ध्यान के अभ्यास से मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने युवाओं को तनाव से निपटने तथा मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान आस पड़ोस युवा संसद के उद्देश्य एवं महत्व को लेकर भी चर्चा की गई। युवाओं ने सामाजिक समस्याओं, नशे की बढ़ती समस्या तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं की सामाजिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारी के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस चर्चा के माध्यम से युवाओं को सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखने, विचारों का आदान-प्रदान करने तथा सकारात्मक बदलाव के लिए सुझाव देने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त, युवाओं ने नशा मुक्ति को लेकर आयोजित स्लोगन गतिविधि में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उन्होंने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले प्रेरणादायक नारे लिखकर स्लोगन बॉक्स में डाले।

इस गतिविधि के माध्यम से युवाओं ने अपनी रचनात्मकता के जरिए नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी द्वारा उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशे की समस्या से मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, सामाजिक मुद्दों पर संवाद को बढ़ावा देने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर युवाओं को एक स्वस्थ, जागरूक, सशक्त एवं नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।