हर आंगनवाड़ी बनेगी पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र : मंत्री सुश्री भूरिया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय के बीच सहभागिता को और मजबूत किया जा रहा जिससे प्रत्येक आंगनवाड़ी अपने क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं के लिए भरोसेमंद सहयोग केंद्र बन सके।
उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय के बीच जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल में परिवार और समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यह पहल आंगनवाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी से सशक्त बनाने और ‘सेवा, पोषण एवं सम्मान’ की भावना को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जांच की गई तथा उनके पोषण एवं स्वास्थ्य की स्थिति पर ध्यान दिया गया। बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित पोषण के महत्व का संदेश भी दिया गया।
मंत्री सुश्री भूरिया ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों तथा मातृ एवं बाल पोषण से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई। मंत्री सुश्री भूरिया ने प्रदर्शनी के माध्यम से दिए जा रहे पोषण संदेशों की जानकारी ली और स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया।
मंत्री सुश्री भूरिया ने गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित प्रसव की कामना की। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को फूड बास्केट भी वितरित की गईं। फूड बास्केट के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। इस अवसर पर 25 से अधिक वर्षों से कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को पुष्पहार और शॉल देकर सम्मानित किया गया।