राज्य

हर खेत तक पानी पहुंचाना सरकार का लक्ष्य: CM मोहन यादव, खंडवा के किसानों ने जताया आभार

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर किसान के खेत तक पर्याप्त जल पहुंचाना है, ताकि फसलों के लिए भरपूर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में किसानों की समृद्धि के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के संवाद सभाकक्ष में खंडवा जिले के किसान प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस दौरान जनजाति कार्य मंत्री विजय शाह भी मौजूद रहे। डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी और भुगतान के साथ अन्य फसलों की उपार्जन राशि समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

किसानों को खाद्य प्रसंस्करण, पर्याप्त सिंचाई बिजली, मुर्गी पालन, पशुपालन और डेयरी विकास जैसी गतिविधियों से जोड़ने पर भी सरकार का फोकस है। मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले में नर्मदा परिक्रमा पथ के विकास और दादा धूनी के पावन स्थल सहित अन्य श्रद्धा स्थलों पर सुविधाओं के विकास की जानकारी भी दी।

इस दौरान खंडवा अंचल के किसानों ने किसान कल्याण से जुड़े निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।