हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी बनाने पर कांग्रेस का विरोध, नामांकन के दिन काले झंडे दिखाने का ऐलान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल्स में हरदीप सिंह पुरी के नाम का उल्लेख होने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जाना कई सवाल खड़े करता है। पटवारी ने भाजपा से इस फैसले के पीछे के कारण स्पष्ट करने की मांग की।
जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत, गौरव और गरिमा के लिए जाना जाता है। ऐसे में प्रदेश से हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने का निर्णय क्षेत्रीय अस्मिता की अनदेखी का सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को बताना चाहिए कि इस फैसले के पीछे क्या कारण हैं।
पटवारी ने एपस्टीन प्रकरण से जुड़े सवालों पर भी भाजपा से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन सवालों पर पार्टी का रुख स्पष्ट होना चाहिए और जनता के मन में उठ रही शंकाओं का जवाब दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि जिस दिन हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने आएंगे, उस दिन कांग्रेस के विधायक और कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की गरिमा, जनता के सम्मान और राजनीतिक जवाबदेही के मुद्दे पर अपना विरोध जताएगी।