हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, भोपाल में फूंका पुतला
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, शिवाजी नगर के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया और उनकी उम्मीदवारी वापस लेने की मांग की।
NSUI ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों में मध्य प्रदेश में बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों को लेकर गंभीर स्थिति सामने आती रही है। संगठन ने कहा कि ऐसे समय में बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्राथमिकता से काम किए जाने की जरूरत है। प्रदर्शनकारियों ने हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन प्रकरण से जुड़े विवादों में सामने आने को लेकर भी सवाल उठाए और उनकी राज्यसभा उम्मीदवारी पर आपत्ति जताई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे NSUI मध्य प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य सोनी ने कहा कि बच्चों और बेटियों की सुरक्षा राज्य के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान देने के बजाय विवादों से घिरे व्यक्ति को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने की तैयारी कर रही है। NSUI नेताओं ने इसे प्रदेश की जनता और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
NSUI के जिला उपाध्यक्ष रेहान अहमद ने भी उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठन बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों और सरकार की जवाबदेही को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा। वहीं, जिला महासचिव आजाद वर्मा ने मांग की कि सरकार बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए और हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी वापस लेने पर विचार करे।
प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर संगठन के महासचिव तारिक खान, पीयूष पवार, वंश कनोजिया, इसानी द्विवेदी, आयुष राठौड़, विनायक प्यासी, अभिषेक जगोरिया, श्रीकांत जावा, शिवांश तोमर और अंश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।