हाथरस में जिला अस्पताल की बिजली गुल:मरीज और उनके तीमारदार परेशान, अस्पताल में छाया अंधेरा
हाथरस जिला अस्पताल में आज मंगलवार को दोपहर करीब 11 बजे बिजली गुल हो गई। इससे ओपीडी से लेकर इमरजेंसी वार्ड तक में अंधेरा छा गया और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक्स-रे सहित अन्य जांचें रुक गईं, जिससे चिकित्सा कार्य प्रभावित हुआ। बिजली गुल होने के कारण उमस भरी गर्मी में मरीज और उनके तीमारदार व्याकुल दिखाई दिए। कई मरीजों को लंबे समय तक उपचार नहीं मिल पाया और उनकी जांचें भी बाधित रहीं। कुछ मरीज ओपीडी से बाहर आ गए। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भी अंधेरा रहा और पंखे बंद हो गए। इस दौरान कुछ डॉक्टरों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में मरीजों का उपचार किया। उस समय ओपीडी में 1500 से अधिक मरीज मौजूद थे, और प्रत्येक डॉक्टर के कक्ष के बाहर लंबी कतारें लगी थीं। लगभग आधे घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद चिकित्सकीय कार्य फिर से शुरू हो सका। जिला अस्पताल में बिजली कटौती की समस्या अक्सर सामने आती रहती है, जिससे मरीजों को बार-बार ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।
📡 स्रोत: NewsData.io