Healthy Baby Show 2026 में बच्चों के स्वास्थ्य और विकास की हुई जांच
भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान में रविवार को Healthy Baby Show 2026 का आयोजन किया गया। कौमारभृत्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ शिशु – खुशहाल परिवार – उज्ज्वल भविष्य” रही। कार्यक्रम में जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य और विकास का परीक्षण किया गया।
बच्चों का वजन, लंबाई और विकास संबंधी जांच के साथ अभिभावकों को पोषण, स्तनपान, वृद्धि एवं विकास और बाल स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। इस दौरान बच्चों का स्वर्णप्राशन भी कराया गया और अभिभावकों को इसके महत्व की जानकारी दी गई।
बच्चों के लिए चित्रकला, रैम्प वॉक सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के समग्र स्वास्थ्य और विकास के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं खुशहाल बचपन को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन में बच्चों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।