हेमकुण्ड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
10 अक्तूबर 2026, चमोली: सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुण्ड साहिब और पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शनिवार को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही वर्ष 2026 की हेमकुण्ड साहिब यात्रा का समापन हो गया है। इस वर्ष 23 मई से शुरू हुई यात्रा के दौरान तीन लाख 84 हजार 573 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री हेमकुण्ड साहिब में मत्था टेका।
कपाट बंद होने के अवसर पर सुखमणी साहिब का पाठ, शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास की गई। इसके बाद पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब को सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच सचखंड साहिब में सुशोभित किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान खराब मौसम, बर्फबारी और दुर्गम रास्तों के बावजूद चमोली पुलिस और एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने यात्रा व्यवस्थाओं और सुरक्षा के लिए चमोली पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
संलग्न- फोटो