हिडिंबा माता मंदिर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, विधिवत पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, सांसद कंगना रनौत और मंत्री राजेश धर्माणी समेत अन्य नेता भी रहे मौजूद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन आज अटल टनल के दौरे के बाद उन्होंने ओल्ड मनाली स्थित प्रसिद्ध हिडिंबा माता मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी, राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, मंडी सांसद कंगना रनौत, मंत्री राजेश धर्माणी और स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी मौजूद रहे। पारंपरिक कुल्लवी वाद्य यंत्रों की धुन के बीच मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय नजर आया।
हिडिंबा माता मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। माता हिडिंबा देवी के कुल पुरोहित मेहर चंद डिमणू ने विधिवत पूजा-अर्चना करवाई और राष्ट्रपति एवं उनके परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बताया जाता है कि हिडिंबा देवी के कुल पुरोहित मेहर चंद डिमणू करीब 20 वर्षों तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भी पुरोहित रहे हैं।