राज्य

हिम ई-पंचायत प्रोसिडिंग सिस्टम लॉन्च करने वाला देश का पहला राज्य बना हिमाचल प्रदेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
हिम ई-पंचायत प्रोसिडिंग सिस्टम लॉन्च करने वाला देश का पहला राज्य बना हिमाचल प्रदेश

अक्तूबर 05, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिम ई-पंचायत प्रोसिडिंग सिस्टम पोर्टल लॉन्च करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है। इस पोर्टल के माध्यम से पंचायतों, पंचायत समितियों (बीडीसी) और जिला परिषदों की बैठकों की कार्यवाही को ऑनलाइन किया जाएगा। इससे बैठकों की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और रिकॉर्ड को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से डिजिटल रूप में उपलब्ध करवाया जा सकेगा।

हिम ई-पंचायत पोर्टल पर पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक के अधिकारी जुड़ सकेंगे। पंचायत, बीडीसी और जिला परिषद की बैठकों का एजेंडा, बैठक का विवरण एवं प्रोसिडिंग ऑनलाइन अपडेट की जा सकेगी। पोर्टल में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्यों सहित ग्राम सभा के सदस्यों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।

बैठक के लिए आवश्यक कोरम की स्थिति भी सिस्टम के माध्यम से निर्धारित की जा सकेगी। बैठक की कार्यवाही तैयार होने के बाद ई-हस्ताक्षर की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे भौतिक रिकॉर्ड पर निर्भरता कम होगी और बैठकों से संबंधित डेटा डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। हिम ई-पंचायत को पंचायती राज विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के साथ भी जोड़ा जाएगा, जिससे भविष्य में आम नागरिक कहीं से भी किसी पंचायत की बैठक की कार्यवाही देख सकेंगे।

इससे पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। हिम ई-पंचायत प्रोसिडिंग पोर्टल भविष्य में पंचायती राज व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।