हिमाचल आइडल में प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर, सिरमौरी नाटियों पर देर रात तक झूमे दर्शक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 09, सोलन (हिमाचल प्रदेश): 22वें हिमाचल उत्सव की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या मातृ शक्ति को समर्पित रही। संध्या में डायनामिक इंडिया युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद की माता संतोष सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा एडवोकेट की माता कमलेश शर्मा तथा महासचिव कीर्ति कौशल की माता स्नेहलता शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
इस अवसर पर श्रीमती वीना अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कांग्रेस नेता दीपक राठौर और बलदेव ठाकुर भी विशेष अतिथियों के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहे। पांचवीं सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण हिमाचल आइडल गायन प्रतियोगिता रही। पिछले दो दिनों में चयनित प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का आकलन जाने-माने गायक एवं संगीत गुरु सोनू भारद्वाज ने किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का परिणाम हिमाचल उत्सव के आधिकारिक पेज पर जारी किया जाएगा तथा चयनित विजेताओं को रविवार को आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
‘मेरा भोला है भंडारी’ फेम सुरेश वर्मा, सुदर्शन बबलू, अजय भारद्वाज और कांगड़ी गायक मोहित गर्ग ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का खास आकर्षण राजगढ़ के गायक सुदर्शन दीवाना रहे। उनकी सिरमौरी नाटियों पर युवा दर्शक देर तक थिरकते नजर आए। वहीं ऊना से पहुंचे गायक दीपक ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया।
कार्यक्रम के दौरान डायनामिक इंडिया युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूद, संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा एडवोकेट और संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल सहित युवा मंडल के सदस्य अंकुश सूद, मनोज ठाकुर, रजत और विजय आदि ने सभी अतिथियों और कलाकारों का स्वागत किया। आयोजकों ने कहा कि हिमाचल उत्सव की आगामी सांस्कृतिक संध्याओं में भी प्रदेश की लोक संस्कृति, संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का सिलसिला जारी रहेगा।