हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम, 29 सितंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पिछले आठ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 सितंबर की शाम से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा, जो 29 सितंबर की शाम तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है।
इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर पूर्वी हिमाचल में देखने को मिल सकता है। शिमला, सिरमौर और मंडी में 27 और 28 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सिरमौर में 26 से 28 सितंबर तक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शिमला में 27 और 28 सितंबर और मंडी में 27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 26 सितंबर की सुबह से 29 सितंबर की सुबह तक ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। 27 सितंबर को ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की सबसे अधिक संभावना जताई गई है। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर के बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है और तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, इस बार मानसून की विदाई में भी देरी हुई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार शिमला, सिरमौर, बिलासपुर और कुल्लू में बारिश सामान्य रही, जबकि अन्य जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई।
हिमाचल से मानसून की सामान्य विदाई 25 सितंबर के आसपास होती है, लेकिन इस बार इसमें देरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून की वापसी के अनुकूल परिस्थितियां बनने की संभावना नहीं है। 30 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की उम्मीद है।
फिलहाल प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी है।
बाइट — शोभित कटियार, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला