देश

हिमाचल में बारिश का कहर, टॉय ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से बंद

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
हिमाचल में बारिश का कहर, टॉय ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से बंद

अगस्त 31, नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर टॉय ट्रेन सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

सोलन जिले के परवाणू के समीप गुम्मन और टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच मूसलाधार बारिश के चलते रेलवे ट्रैक के नीचे की जमीन धंस गई, जिससे पटरी का एक बड़ा हिस्सा हवा में लटक गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी है।

ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है, हालांकि सेवा को पूरी तरह बहाल होने में कुछ दिनों का समय लग सकता है। इस बीच, रविवार देर शाम शिमला जा रहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के काफिले को कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने परवाणू में रोका और क्षेत्र में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी दी।

उन्होंने परवाणू से कामली रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग-5 से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति का जायजा लेकर त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। FILE PHOTO

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।