हिमाचल प्रदेश एलएसए द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का आयोजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सत्यनिष्ठा की शपथ एवं सतर्कता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन
अक्तूबर 30, शिमला (हिमाचल प्रदेश): दूरसंचार विभाग के हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र (एचपी एलएसए) द्वारा सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक आचरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत 26 अक्तूबर को सत्यनिष्ठा की शपथ तथा 27 व अक्तूबर को सतर्कता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह प्रत्येक वर्ष 31 अक्तूबर को पड़ने वाली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर वाले सप्ताह में मनाया जाता है। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा इसकी रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
26 अक्तूबर से 1 नवंबर, 2026 तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का विषय “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) है। यह विषय सुशासन को सुदृढ़ करने, जनविश्वास बढ़ाने तथा राष्ट्र की समृद्धि में योगदान देने के लिए ईमानदारी, नैतिक आचरण एवं सत्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित करता है।
इस अवसर पर 26 अक्तूबर को प्रातः 11:00 बजे एचपी एलएसए कार्यालय, छोटा शिमला के सम्मेलन कक्ष में सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
शपथ के माध्यम से लोक सेवा में पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही तथा नैतिक मूल्यों के पालन के महत्व पर बल दिया गया। जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर, 2026 को एचपी एलएसए कार्यालय, छोटा शिमला से एसडीए कॉम्प्लेक्स, कसुम्पटी, शिमला तक सतर्कता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया।
इस पदयात्रा का उद्देश्य आमजन के बीच सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा का संदेश प्रसारित करना तथा भ्रष्टाचार की रोकथाम में सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता को रेखांकित करना था। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष सार्वजनिक संस्थानों, सरकारी अधिकारियों एवं नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है।
इन पहलों के माध्यम से एचपी एलएसए ने लोक प्रशासन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इन गतिविधियों ने इस संदेश को सुदृढ़ किया कि शासन में शुचिता तथा दैनिक कार्यों में नैतिक आचरण भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण और समावेशी एवं सतत समृद्धि प्राप्त करने के लिए आवश्यक हैं।