हिमाचल प्रदेश का पहला महिला संचालित मिनरल वाटर प्लांट "हिमजल" ठाणा में शुरू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
अगस्त 11, शिमला (हिमाचल प्रदेश): ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विकास खंड चौपाल की ग्राम पंचायत ठाणा में हिमाचल प्रदेश का पहला महिला संचालित मिनरल वाटर प्लांट "हिमजल” शुरू किया गया है। इस प्लांट का संचालन एवं प्रबंधन महिला ग्राम संगठन ठाणा से जुड़ी महिलाओं द्वारा किया जाएगा।
यह पहल हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HPSRLM) के अंतर्गत की गई है।परियोजना के लिए महिला ग्राम संगठन ठाणा को एचपीएसआरएलएम के माध्यम से 13.80 लाख रुपये की ऋण सहायता उपलब्ध करवाई गई है। इस राशि से मिनरल वाटर प्लांट की स्थापना एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्लांट का संचालन, प्रबंधन, विपणन, पैकेजिंग तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियां महिला ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित की जाएंगी।
इस परियोजना से ग्रामीण महिलाओं को अपने क्षेत्र में ही सम्मानजनक एवं स्थायी आजीविका का अवसर मिलेगा और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। साथ ही, महिलाओं को उद्यमिता, व्यवसायिक प्रबंधन, विपणन, पैकेजिंग और वित्तीय संचालन का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा। “हिमजल” ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित आत्मनिर्भरता की ओर एक सशक्त कदम है।
यह पहल न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।