ईद मिलादुन्नबी ﷺ पर जिला मुस्लिम कमेटी ने दिया ‘पैग़ाम-ए-इंसानियत’, मरीजों और जरूरतमंदों की सेवा

जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित, मदरसों के बच्चों और जरूरतमंदों को बांटी मिठाई; दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी दिए
खरगोन। ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक अवसर पर जिला मुस्लिम कमेटी, खरगोन की ओर से जनसेवा और जरूरतमंदों की मदद से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक विकास कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष एवं जिला मुस्लिम कमेटी के सदर रियाजूद्दीन शेख ने अपनी टीम के साथ सेवा कार्यों में भाग लिया।
इस अवसर पर जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों की इयादत की गई और उन्हें फल वितरित किए गए। वहीं मदरसों में अध्ययनरत बच्चों के साथ गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मिठाई बांटकर ईद मिलादुन्नबी ﷺ की खुशियां साझा की गईं।
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित
कार्यक्रम के दौरान माज़ूर एवं दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर, ट्राइसिकल और बैसाखी सहित आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत भी की गई।
इस अवसर पर रियाजूद्दीन शेख ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी ﷺ का संदेश मोहब्बत, इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों की खिदमत से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जश्न की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब पैग़म्बर-ए-अकरम ﷺ की रहमत और इंसानियत की शिक्षाओं को जीवन में अपनाया जाए।
जनसेवा के इन कार्यों में वसीम भाई फ्रूट, सैय्यद कमर अली, चंदू मामू, रफीक खलीफा, अकरम पहलवान, शोएब, राजा रशीद फ्रूट, अच्छा भाई, शकील ठेकेदार, शाहरुख ठेकेदार, शाकिर मांडा, जावेद शेख सहित बड़ी संख्या में युवा साथी मौजूद रहे।
जिला मुस्लिम कमेटी ने समाज के लोगों से अपील की कि ईद मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर जरूरतमंदों की मदद करें, आपसी मोहब्बत और भाईचारे को मजबूत करें तथा इंसानियत की खिदमत को अपनी जिम्मेदारी समझें। पैग़ाम-ए-इंसानियत—खिदमत ही असली जश्न है।