ईद उल अज़हा का ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान: एक अनदेखा पहलू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
ईद उल अज़हा को लेकर बहस अक्सर सिर्फ धार्मिक नजरिए तक सीमित रह जाती है, लेकिन इसका एक बड़ा आर्थिक और सामाजिक पक्ष भी है, जिस पर कम चर्चा होती है। खासकर गांवों और छोटे कस्बों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए यह त्योहार सिर्फ एक धार्मिक अवसर नहीं, बल्कि साल भर की मेहनत से जुड़ी उम्मीद भी होता है।
देश में बकरा और बकरी पालन का काम बड़े उद्योगपति या कॉरपोरेट नहीं करते। यह काम ज्यादातर वही लोग करते हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिनके पास खेती कम है या रोजगार के सीमित साधन हैं। कई गांवों में लोग पूरे साल बकरी पालते हैं और ईद उल अज़हा के समय उसे बेचकर बच्चों की फीस, कर्ज या घर के जरूरी खर्च पूरे करते हैं। गांव की भाषा में कहें तो यह उनकी छोटी “एफडी” होती है, जिसे जरूरत पड़ने पर भुनाया जाता है।
इस त्योहार की सबसे खास बात यह है कि इसका आर्थिक फायदा सीधे स्थानीय बाजार तक जाता है। जानवरों के चारे से लेकर ट्रांसपोर्ट, मंडी, रस्सी, लकड़ी, मजदूरी और कुर्बानी के मेहनताना तक, पूरा पैसा छोटे कारोबारियों और आम लोगों के बीच घूमता है। इसमें किसी बड़ी विदेशी कंपनी या देसी कंपनियों का रोल लगभग नहीं के बराबर होता है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समझने वाले लोग जानते हैं कि गांवों में पैसा रुकना सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में ईद उल अज़हा जैसे मौके कई छोटे परिवारों के लिए अस्थायी ही सही, लेकिन आर्थिक सहारा बन जाते हैं। यही वजह है कि पशु मंडियों में सिर्फ खरीद-बिक्री नहीं होती, बल्कि हजारों छोटे लोगों की उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं।
दिलचस्प बात यह भी है कि शहरों में बैठकर इस त्योहार पर बहस करने वाले लोग अक्सर यह नहीं देख पाते कि गांव का एक गरीब पशुपालक पूरे साल कितनी मेहनत से जानवर पालता है। उसके लिए यह सिर्फ व्यापार नहीं होता, बल्कि घर की अर्थव्यवस्था का हिस्सा होता है। कई परिवार इसी कमाई से बच्चों की पढ़ाई, खेती के खर्च और घर की जरूरी जरूरतें पूरी करते हैं। इसलिए ईद उल अज़हा को समझना हो, तो उसे सिर्फ धार्मिक चश्मे से नहीं, बल्कि गांव और गरीब की जिंदगी से जोड़कर भी देखना होगा।
आज जब गांवों में रोजगार और छोटे व्यवसाय लगातार दबाव में हैं, तब इस पहलू को भी समझना जरूरी है कि कुछ परंपराएं सिर्फ आस्था से नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजी-रोटी से भी जुड़ी होती हैं।