अपराध

ईदगाह हिल्स में 2 किलो से ज्यादा गांजे के साथ 55 वर्षीय महिला गिरफ्तार, भोपाल में सप्लाई से पहले क्राइम ब्रांच ने पकड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ईदगाह हिल्स में 2 किलो से ज्यादा गांजे के साथ 55 वर्षीय महिला गिरफ्तार, भोपाल में सप्लाई से पहले क्राइम ब्रांच ने पकड़ा

भोपाल। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच भोपाल ने ईदगाह हिल्स क्षेत्र से एक महिला को 2 किलो 30 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार महिला गांजे की खेप लेकर उसे भोपाल में सप्लाई करने की तैयारी में थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम लगातार संदिग्ध तस्करों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस कंट्रोल रूम के पास गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ईदगाह हिल्स क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टी के पीछे एक महिला संदिग्ध अवस्था में बैठी है और उसके पास रखे झोले में गांजा है। महिला किसी ग्राहक के आने का इंतजार कर रही है।

सूचना की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ईदगाह मल्टी के पीछे पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुषमा यादव, उम्र 55 वर्ष, निवासी गंजबासौदा, जिला विदिशा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ का वजन 2.030 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक सुषमा यादव के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ बासौदा थाने में वर्ष 2025 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच थाने में वर्ष 2026 में भी इसी धारा के तहत मामला दर्ज है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार गिरफ्तार महिला मजदूरी करती है और अशिक्षित है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप उसे कहां से मिली थी और इसे भोपाल में किसे सप्लाई किया जाना था।

कार्रवाई में उप निरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अनिल तिवारी, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश गुप्ता, महिला प्रधान आरक्षक पार्वती यादव, आरक्षक विजय सेंगर, विवेक नामदेव और रणधीर सिंह सहित महिला आरक्षक संध्या शर्मा, सोनम वंसल, पूजा यादव, पूजा सिंह, दीपिका राठौर और छमा राजपूत की भूमिका रही।

क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि समय पर दी गई छोटी सी सूचना किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में मददगार हो सकती है। नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मानस हेल्पलाइन 1933 पर भी सहायता ली जा सकती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।