राज्य

ईएसआईसी मेडिकल अस्पताल में सेवाओं का विस्तार, कार्डियक कैथ लैब शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ईएसआईसी मेडिकल अस्पताल में सेवाओं का विस्तार, कार्डियक कैथ लैब शुरू

जयपुर, 30 सितंबर। राजधानी जयपुर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार को चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करते हुए अत्याधुनिक कार्डियक कैथ लैब का शुभारंभ किया गया। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संयुक्त सचिव आशुतोष पेडणेकर ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर कर्मचारी राज्य बीमा निगम के सदस्य एसके राठौड़ और चिकित्सा आयुक्त डॉ.

आर. श्रीनिवासन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी मीणा ने बताया कि कार्डियक कैथ लैब शुरू होने से बीमित मरीजों को हृदय संबंधी जांच और उपचार की सुविधाएं अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का लाभ केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में रहने वाले बीमित व्यक्ति भी आसानी से उठा सकेंगे।

नई सुविधा से बीमितों को हृदय संबंधी उपचार के लिए अन्य संस्थानों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अस्पताल में ही आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अधिष्ठाता डॉ. राजेश चेतीवाल ने बताया कि यह ईएसआईसी की चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही, यहां प्रशिक्षण ले रहे पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थियों को भी आधुनिक कार्डियक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।

विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी डॉ. गौरव सिंघल ने बताया कि कैथ लैब में एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर इम्प्लांटेशन के साथ बच्चों के जन्मजात हृदय रोगों में एएसडी, वीएसडी और पीडीए डिवाइस क्लोजर किए जाएंगे। इसके अलावा रोटाब्लेशन और इंट्रावेस्कुलर लिथोट्रिप्सी जैसी जटिल एवं अत्याधुनिक प्रक्रियाएं भी उपलब्ध होंगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।