अपराध

IGKV पेपर लीक का मास्टरमाइंड निकला प्रोफेसर

लेखक: AIR Raipur अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
IGKV पेपर लीक का मास्टरमाइंड निकला प्रोफेसर

रायपुर, 22 अगस्त 2026 इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक होने के मामले में पुलिस ने भारती एग्री कल्चर कॉलेज दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बीते 20 अगस्त को बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के कीट विज्ञान विषय की परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले पेपर ई-मेल पर लीक हो गया था। इसकी सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉक्टर एन.आर. रंगारे ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और कबीरधाम सहित आसपास के जिलों में अलग-अलग टीमें भेजकर बारीकी से जांच की। इस दौरान दुर्ग निवासी अनुज मिंज से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। पुलिस के मुताबिक करीब छत्तीस घंटे की जांच के बाद पेपर लीक के स्त्रोत और आरोपियांें की पहचान कर ली गई।

पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया है, जो वर्ष दो हजार उन्नीस से भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। पिछले करीब एक साल से वह अपने कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त कर उन्हें कॉलेज ले जाने का काम कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि योगेश सोनकेसरिया ने प्रश्नपत्र की सामग्री अपने कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को ग्यारह हजार रुपये में बेच दी। इसी के जरिए परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से ग्यारह हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार और मोबाइल कनेक्टर बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस बीच, विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बीते सात अगस्त को आयोजित प्लांट पैथोलॉजी विषय की परीक्षा भी रद्द कर दी है।

A
AIR Raipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।