इमरान खान को अस्पताल से फिर भेजा गया अदियाला जेल
अगस्त 21, नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल से वापस अदियाला जेल शिफ्ट कर दिया गया है। जेल सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान को उनके सेल में भेज दिया गया है। इससे पहले उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से हॉस्पिटल ले जाया गया था।
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को इलाज के लिए जेल से हॉस्पिटल ट्रांसफर करने और मेडिकल बोर्ड गठित करने का आदेश दिया था। आदेश के बाद शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और इलाज से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
इससे पहले इमरान खान की बहन डॉ. उज़मा खान और डॉक्टर फैसल अदियाला जेल पहुंचे थे। दोनों गेट नंबर-5 से जेल परिसर में दाखिल हुए, जबकि नोरीन नियाज़ी जेल के बाहर मौजूद रहीं। इमरान खान के हॉस्पिटल ट्रांसफर को लेकर पाकिस्तान के कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने कहा था कि यह इस्लामाबाद प्रशासन की जिम्मेदारी है।
वहीं प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने कहा कि PTI संस्थापक को दी गई राहत कानून के मुताबिक नहीं थी। इमरान खान लंबे समय से जेल में बंद हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर PTI लगातार चिंता जताती रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनके इलाज और मेडिकल जांच को लेकर यह कदम उठाया गया था।