इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद भेजा गया अदियाला जेल

अगस्त 21, नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी PTI के संस्थापक इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद आज शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल से वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है। बताया गया है कि अस्पताल पहुंचने के बाद 6 डॉक्टरों की टीम ने इमरान की मेडिकल जांच की।
जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा कि खान को अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं है वो जेल में ही सुरक्षित हैं। इसके बाद इमरान को वापस अदियाला जेल ले जाया गया और उनकी सेल में भेज दिया गया।इमरान खान को कल रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद के शिफा हॉस्पिटल लाया गया था।
उनके अस्पताल पहुंचते ही सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इमरान खान लंबे समय से जेल में बंद हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर PTI लगातार चिंता जताती रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनके इलाज और मेडिकल जांच को लेकर यह कदम उठाया गया था। आपको बता दें कि कोर्ट में पेश की गई मेडिकल रिपोर्ट में इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, उनके ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव, दिल की धड़कन तेज होने और काफी मानसिक तनाव की समस्या सामने आई थी। फोटो- पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)