विदेश

इंदौर में 28 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव-2026, किफायती आवास और निजी निवेश पर होगा मंथन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
इंदौर में 28 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव-2026, किफायती आवास और निजी निवेश पर होगा मंथन

मध्यप्रदेश में शहरी आवास विकास और किफायती आवासों की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को इंदौर में राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें शहरी विकास से जुड़े नीतिगत विषयों, निजी निवेश और सार्वजनिक-निजी भागीदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कॉन्क्लेव में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के उद्देश्यों के अनुरूप आवासीय सुविधाओं के विस्तार, शासकीय भूमि के प्रभावी उपयोग और आधुनिक तकनीक आधारित विकास मॉडलों पर चर्चा होगी।

शहरी आवास परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए विकास नियमों और प्रावधानों में सुधार, फ्लोर एरिया रेशियो में वृद्धि, शुल्कों में रियायत और सार्वजनिक-निजी भागीदारी आधारित मॉडलों को प्रोत्साहित करने जैसे विषय भी कॉन्क्लेव के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। कार्यक्रम में देश-विदेश के निवेशकों, विषय विशेषज्ञों, नगरीय विकास निकायों और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

किफायती किराये के आवास, औद्योगिक और निर्माण श्रमिकों के लिए आवासीय परिसर, बस्तियों का पुनर्विकास और शहरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी चर्चा के प्रमुख विषय होंगे। कॉन्क्लेव में सहभागिता के इच्छुक निवेशक, स्टार्ट-अप और युवा आधिकारिक पोर्टल ugconclave.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।

------

  1. इंदौर में 28 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय अर्बन कॉन्क्लेव-2026
  2. किफायती आवास और निजी निवेश की संभावनाओं पर होगा मंथन
  3. पीपीपी मॉडल और नियामकीय प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर जोर
  4. ईडब्ल्यूएस और एलआईजी परिवारों के लिए आवास उपलब्धता बढ़ाने की पहल
  5. निवेशकों, स्टार्ट-अप और युवाओं के लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरू
M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।