राज्य

इंदौर- कलेक्टर ने संवेदनशीलता से सुनीं जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
इंदौर- कलेक्टर ने संवेदनशीलता से सुनीं जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

उन्होंने प्रत्येक आवेदक से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से समझा तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं प्रावधानों के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनसुनवाई में पहुँचे राजेश सिंह ने कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष अपनी पारिवारिक एवं आर्थिक समस्या रखते हुए बताया कि उनकी पत्नी शालिनी सिंह बैस को पैरालिसिस अटैक आने के बाद अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। पत्नी के उपचार में लगातार हो रहे व्यय के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और सीमित आर्थिक संसाधनों के चलते उपचार का खर्च वहन करने में कठिनाई हो रही है।

श्री सिंह की समस्या को कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुना और तत्काल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने श्री सिंह को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन परिवार के साथ है और भविष्य में भी उपचार अथवा अन्य किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर नियमानुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

जनसुनवाई के एक अन्य प्रकरण में अंकित शर्मा ने कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनकी पत्नी श्यामला शर्मा गर्भवती हैं। परिवार की आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण गर्भावस्था के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं उपचार का खर्च वहन करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी जांच में गर्भस्थ शिशु में क्रोमोसोम संबंधी असामान्यता सामने आई है, जिसके कारण आगे के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता की आवश्यकता है।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रकरण को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा की त्वरित पहल से परिवार को उपचार संबंधी आवश्यकताओं में आर्थिक राहत मिलेगी तथा आगे की चिकित्सा प्रक्रिया में सहायता प्राप्त होगी।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

इंदौर के कलेक्टर ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएँ सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। यह विषय सरकारी जवाबदेही और सार्वजनिक भागीदारी को दर्शाता है। खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाती है कि अधिकारी सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं, जिससे प्रशासन में विश्वास बढ़ता है। इस कदम से नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा, जिससे उनके जीवन में सुधार और सामाजिक कल्याण की दिशा में प्रगति होगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।