इंदौर मेट्रो के दूसरे चरण की शुरुआत, CM डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दिखाई हरी झंडी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
इंदौर में मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण की शनिवार को विधिवत शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बापट चौराहा मेट्रो स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर मेट्रो ट्रेन को रवाना किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ.
यादव ने सांदीपनि विद्यालय के बच्चों के साथ बापट चौराहा से गांधी नगर तक मेट्रो में सफर किया और बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। इंदौर मेट्रो बापट चौराहा से हीरा नगर, चंद्रगुप्त चौराहा, आईएसबीटी, एमआर-10, भौरासला चौराहा और सुपर कॉरिडोर होते हुए गांधी नगर स्टेशन पहुंची।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो का दूसरा चरण केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे शहर में आवागमन और सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक इंदौर मेट्रो रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी और प्रतिदिन 70 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे।