इंदौर- संस्कृति विभाग द्वारा संगीत सभा का आयोजन 19 सितंबर को
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय, इंदौर के माध्यम से संगीत मूर्धन्य पंडित विष्णु नारायण भातखंडे की स्मृति में संगीत सभा का आयोजन किया जा रहा है। यह संगीत सभा 19 सितंबर, शनिवार को शाम 6 बजे संतोष सभागृह, इंदौर में आयोजित होगी। कार्यक्रम में क्षेत्र क्रमांक-3, इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। संगीत सभा में शास्त्रीय संगीत की विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से संगीत प्रेमियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से परिचित कराया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं भातखंडे गीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात ख्यात कलाकार रवि दंदेलिया द्वारा वायलिन वादन, दिल्ली की डॉ. रिंदाना रहस्य द्वारा शास्त्रीय गायन तथा इंदौर के पंडित अरुण मोरोणे द्वारा सितार वादन की प्रस्तुति दी जाएगी।
संगीत सभा में संगत कलाकार के रूप में गांधार राजहंस, अनूप पवार एवं रवि किल्लेदार अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य संगीत मूर्धन्य पंडित विष्णु नारायण भातखंडे के संगीत क्षेत्र में योगदान एवं उनकी समृद्ध सांगीतिक विरासत को स्मरण करना तथा शास्त्रीय संगीत की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाना है।