इंदौर: विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 के मुसाखेड़ी में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर, उमड़े नागरिक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन और प्रशासन की पहुंच आमजन तक सुगम बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान' के तहत शनिवार को इंदौर विधानसभा क्षेत्र-5 के झोन क्रमांक 18 में एक विशाल जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर मुसाखेड़ी स्थित जोनल कार्यालय परिसर में लगाया गया, जिसमें क्षेत्र के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता की बातों को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही त्वरित समाधान की कार्रवाई की।
इस शिविर में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, स्थानीय विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत CEO श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, एमआईसी मेंबर श्री राजेश उदावत और श्री नंदु पहाड़िया सहित जिला प्रशासन, नगर निगम व विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों और आधारभूत सुविधाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण
अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में स्थित विभिन्न शासकीय और जनसेवा संस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, शासकीय हिंदी प्राथमिक विद्यालय, सांदीपनी विद्यालय, लोकमान्य तिलक सहकारी उपभोक्ता भंडार, शासकीय प्राथमिक विद्यालय, आरोग्य अस्पताल, प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार और आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लिया।
इस दौरान संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं, सेवाओं की गुणवत्ता और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में और सुधार लाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का सुगम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्यमियों और हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
शिविर के दौरान एक विशेष उद्यम सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें रारो कॉरपोरेशन के उद्यमी श्री आशुतोष सोनगरिया और राघव मेटल्स के श्री कल्पेश पटेल ने अपने अनुभव साझा करते हुए शासन की औद्योगिक योजनाओं से मिले सहयोग की जानकारी दी।
वहीं, 'पीएम स्वनिधि योजना' के लाभार्थी श्री शिवम ओझा और श्री अजय शर्मा ने भी योजना से मिले लाभों का अनुभव साझा किया। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जनसंवाद और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसंवाद में अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हाथों-हाथ उनका समाधान किया। जिन मामलों का मौके पर निबटारा संभव नहीं था, उनके लिए एक निश्चित समय-सीमा तय की गई।
इसके अतिरिक्त, शिविर परिसर में लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श व उपचार दिया गया, और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में आयुष पद्धति से भी लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया।