इंडोनेशिया में 7.7 का भूकंप, अबतक 51 की मौत

अगस्त 16, नई दिल्ली: इंडोनेशिया के फ्लोरेस इलाके में 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही हुई है। भूकंप में कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
शनिवार सुबह करीब छह बजे आए भूकंप से कई मकान ढह गए और कई इलाकों में भूस्खलन हुआ। 900 से ज्यादा मकान पूरी तरह तबाह हो गए, जबकि करीब पांच हजार लोगों को राहत शिविरों में जाना पड़ा।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
भूस्खलन से करीब 700 किलोमीटर लंबे ट्रांस-फ्लोरेस हाईवे पर कई जगह रास्ते बंद हो गए हैं। बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित होने से राहत एवं बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं।
इसके बावजूद मंगराई, ईस्ट मंगराई और नगेकेओ समेत प्रभावित इलाकों में मलबे से लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने का अभियान जारी है।
भूकंप के बाद 235 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए, जिनमें सबसे तेज झटका 6.2 तीव्रता का रहा। लगातार आ रहे झटकों और भूस्खलन के कारण बचाव दलों के सामने चुनौती बनी हुई है।
इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है और भूकंप तथा ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील है।
फ्लोरेस में 1992 में भी भूकंप और सुनामी से भारी तबाही हुई थी, जिसमें करीब 2,500 लोगों की मौत हुई थी।
भूकंप के बाद अब राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश और प्रभावित इलाकों तक जरूरी मदद पहुंचाने में जुटे हैं।