देश

कल इंदौर में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 का होगा आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कल इंदौर में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 का होगा आयोजन

नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा बुधवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव में प्रदेश में शहरी विकास, निवेश संवर्धन, आधुनिक नगरीय अधोसंरचना, डिजिटल गवर्नेंस, किफायती आवास और जल सुरक्षा से जुड़ी संभावनाओं पर मंथन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के लिए अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच होगा। कॉन्क्लेव 2.0 के माध्यम से नगरीय विकास से जुड़ी परियोजनाओं, नीतिगत पहलों और नवाचार आधारित समाधानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही शहरी अधोसंरचना के विकास में निवेशकों और विकास साझेदारों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में विभिन्न नगरीय विकास परियोजनाओं का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों के साथ पुनर्घनत्वीकरण, कम्प्रेस्ड बायोगैस संयंत्र, जलप्रदाय, सीवरेज और नगरीय अधोसंरचना विकास से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहरों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आवासीय आवश्यकताओं की पूर्ति और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में कार्य होगा।

नगरीय विकास परियोजनाओं का उद्देश्य शहरों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और बढ़ती आबादी की आवश्यकताओं के अनुरूप सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है। आवास, पेयजल, सीवरेज और अन्य नगरीय सेवाओं से जुड़े कार्यों के माध्यम से शहरों की अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

इंदौर में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 शहरी विकास, निवेश, अधोसंरचना, डिजिटल गवर्नेंस, किफायती आवास और जल सुरक्षा पर चर्चा करेगा। यह कार्यक्रम नगर पालिका और राज्य सरकार के बीच समन्वय बढ़ाने के लिये महत्वपूर्ण है। इसके जरिए नई योजनाएँ, नीतियाँ और निवेश के अवसर सामने आएँगे। आम जनता को बेहतर आवास, स्वच्छ पानी और रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। साथ ही, डिजिटल गवर्नेंस से सेवाएँ अधिक सुलभ और पारदर्शी होंगी। इस तरह शहर की गुणवत्ता और जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।