ईरान के राष्ट्रपति की बेटी ज़हरा पेज़ेशकियान ने सराही धार की बाग प्रिंट कला, खुद लगाया लकड़ी का ठप्पा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भारत मंडपम के ब्रिक्स बाजार में प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक तकनीक को करीब से समझा, बाग प्रिंट का अंगवस्त्र भेंट किया गया
नई दिल्ली, 13 सितंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के ‘ब्रिक्स बाजार’ में मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध बाग प्रिंट कला ने विदेशी मेहमानों का ध्यान आकर्षित किया। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान की बेटी ज़हरा पेज़ेशकियान ने बाग प्रिंट के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और उनके भाई तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेता मोहम्मद काज़िम खत्री के स्टॉल का विशेष रूप से अवलोकन किया।
ज़हरा पेज़ेशकियान ने स्टॉल पर बाग प्रिंट से तैयार वस्त्रों को करीब से देखा और इस पारंपरिक कला की बारीकियों को समझने में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने प्राकृतिक रंगों को तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली। विशेष रूप से उन्होंने यह जानने में उत्सुकता दिखाई कि बाग प्रिंट में इस्तेमाल होने वाला काला रंग किस तरह तैयार किया जाता है और प्राकृतिक सामग्रियों से रंग बनाने की पारंपरिक प्रक्रिया क्या है।
बाग प्रिंट की निर्माण प्रक्रिया को करीब से समझने के बाद ज़हरा पेज़ेशकियान ने स्वयं लकड़ी के पारंपरिक ठप्पे को रंग में डुबोकर कपड़े पर प्रिंट लगाया। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में उत्सुकता दिखाई और प्राकृतिक रंगों तथा हाथ से तैयार किए जाने वाले बाग प्रिंट की विशेषताओं की सराहना की।
बाग प्रिंट कला के प्रति उनकी रुचि और आत्मीयता से प्रभावित होकर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री ने उनका नागरिक अभिनंदन किया। उन्होंने ज़हरा पेज़ेशकियान को पारंपरिक बाग प्रिंट का अंगवस्त्र भेंट किया। भारतीय हस्तशिल्प और वस्त्र परंपरा से जुड़े इस उपहार को पाकर ज़हरा प्रसन्न नजर आईं।
ब्रिक्स बाजार में धार की ऐतिहासिक बाग प्रिंट कला को खत्री बंधु लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं। प्राकृतिक रंगों और बारीक नक्काशीदार लकड़ी के ब्लॉक्स से तैयार होने वाली इस कला की निर्माण प्रक्रिया को देखने के लिए विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि स्टॉल पर पहुंच रहे हैं।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों ने भी बाग प्रिंट स्टॉल का अवलोकन किया। प्रतिनिधियों ने कला की सराहना करने के साथ विशेष रूप से तैयार किए गए ‘BRICS’ लोगो वाले लकड़ी के ब्लॉक्स से स्वयं कपड़े पर ठप्पे लगाए और इसे यादगार के रूप में अपने साथ ले गए।
मोहम्मद बिलाल खत्री ने कहा कि प्राकृतिक रंगों और बारीक नक्काशीदार लकड़ी के ब्लॉक्स से तैयार होने वाली बाग प्रिंट मध्यप्रदेश की विशिष्ट पहचान है। ब्रिक्स बाजार में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, वियतनाम, ईरान, कजाखस्तान, इंडोनेशिया, मलेशिया, बेलारूस और इथियोपिया सहित विभिन्न देशों से आए शिल्पकारों और अतिथियों के बीच बाग प्रिंट को मिल रही सराहना धार की इस पारंपरिक कला को वैश्विक मंच पर नई पहचान दे रही है।