ईरान ने स्टारलिंक को बताया 'युद्ध का हथियार', इंटरनेट नियंत्रण को लेकर सरकार सख्त; इस्तेमाल करने पर हो सकती है जेल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
US-Iran War: अमेरिका और इजरायल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान ने इंटरनेट पर अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में काम करना तेज कर दिया है.
इसके साथ ही इस्लामिक सरकार ने एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने और अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट तक आम लोगों की पहुंच पर और सख्ती करने के भी संकेत दिए हैं.
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि स्टारलिंक का इस्तेमाल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है.
वहीं, आलोचकों के मुताबिक, इन प्रतिबंधों से लोगों के लिए स्वतंत्र रूप से जानकारी हासिल करना और देश के भीतर की घटनाओं को दुनिया तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है.
बता दें कि ईरान में स्टारलिंक के इस्तेमाल को गैरकानूनी घोषित किया गया है.
सेवा के टर्मिनल रखने, उनका उपयोग करने या उनकी आपूर्ति करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. यही नहीं आरोपों की गंभीरता के आधार पर सजा और भी कठोर हो सकती है.
इंटरनेट पर सरकारी नियंत्रण की बढ़ती कोशिश बता दें कि ईरान की करीब नौ करोड़ आबादी को हाल के दिनों में इंटरनेट से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा है.
जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2026 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान देशभर में इंटरनेट सेवाएं बाधित की गई थीं.
इसके बाद अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध शुरू होने पर भी इंटरनेट पहुंच पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे.
सरकार का तर्क है कि साइबर हमलों से संवेदनशील सूचनाओं, सरकारी डेटाबेस और राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं.
हालांकि, इंटरनेट सेवाओं पर लगातार पाबंदियों के चलते कारोबार, संचार और आम नागरिकों की सूचना तक पहुंच प्रभावित हो रही है.
स्टारलिंक दुश्मन देशों के लिए बड़ा हथियार ईरान की सुप्रीम नेशनल साइबरस्पेस काउंसिल के सचिव मोहम्मद अमीन अघामिरी ने स्टारलिंक को दुश्मन देशों के लिए एक रणनीतिक उपकरण बताया है.
उनके मुताबिक, इसका इस्तेमाल सूचनाएं जुटाने, निगरानी करने और सैन्य गतिविधियों के समन्वय के लिए किया जा सकता है.
उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास ऐसे सिस्टम हैं, जिनकी मदद से स्टारलिंक टर्मिनलों को निष्क्रिय किया जा सकता है.
हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन उपकरणों को रोकने के लिए कौन-सी तकनीक इस्तेमाल की जा रही है.
जैमिंग से लेकर टर्मिनल जब्त करने तक की तैयारी तेहरान के एक दूरसंचार विशेषज्ञ ने अल जजीरा को बताया कि ईरानी अधिकारी स्टारलिंक की सेवाओं को बाधित करने के लिए कई तरीके अपना रहे हैं.
इनमें सिग्नल जाम करने वाले उपकरणों का इस्तेमाल, टर्मिनल की शुरुआती सेटिंग में रुकावट डालना और कनेक्शन से जुड़े तकनीकी संकेतों की पहचान करना शामिल है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों की कोशिश केवल इंटरनेट सिग्नल को बाधित करने तक सीमित नहीं है.
बल्कि गश्ती दलों और ड्रोन की मदद से टर्मिनलों का पता लगाने, उन्हें जब्त करने और उनकी बिक्री से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
बता दें कि ईरान सरकार इस तकनीक को अपने सहयोगी देशों के साथ साझा करने की संभावना भी जता चुकी है.
इससे संकेत मिलता है कि तेहरान स्टारलिंक को केवल घरेलू इंटरनेट सेवा के रूप में नहीं, बल्कि व्यापक सुरक्षा चुनौती के तौर पर देख रहा है.
📡 स्रोत: NewsData.io