जबलपुर में गोल्ड लोन की रिकवरी करने पहुंचे बैंक शाखा प्रबंधक पर कर्जदार ने किया हमला,
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित केंट क्षेत्र गोल्ड लोन की रिकवरी करने पहुंचे यूनियन बैंक शाखा प्रबंधक के साथ कर्जदार ने प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गये। साथ ही उनके पास मौजूद बैंक की रिकवरी राशि भी छीन ली गई। हमले की खबर मिलते ही बैंक कर्मी केंट थाना पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
वहीं घायल शाखा प्रबंधक को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया है। बैंक कर्मियों ने बताया कि यूनियन बैंक की ग्वारीघाट शाखा के प्रबंधक मनीष संग्या अपनी टीम के साथ कैंट (सदर) स्थित गली नंबर 9 के एक घर पहुंचे थे। लोन धारक पर लंबे समय से बैंक का गोल्ड लोन बकाया (ओवरड्यू) चल रहा था।
बैंक की ओर से लगातार नोटिस, कॉल और मैसेज भेजने के बावजूद लोन का भुगतान नहीं किया जा रहा था। बैंक कर्मियों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि जब शाखा प्रबंधक खुद अपनी टीम के साथ बकाया राशि जमा कराने की बात कहने पहुंचे, तो लोन धारक ने विवाद करते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लोन धारक ने बैंक मैनेजर के साथ मारपीट शुरु कर दी।
यहां तक कि आरोपी ने बैंक मैनेजर मनीष संग्या पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोटें आई। शाखा प्रबंधक पर हमले की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यालय से कर्मचारी व बैंक के अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने थाना पहुंचकर हंगामा शुरु कर दिया। कर्मचारियों ने पुलिस को यह भी बताया कि पीडि़त मैनेजर के पास अन्य खातों की रिकवरी के लगभग 15 से 16 हजार रुपये भी मौजूद थे, जिन्हें आरोपी ने जबरन छीन लिया।
घटना के तुरंत बाद पीडि़त प्रबंधक और यूनियन बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी कैंट थाने पहुंचे। जिसके बाद घायल मैनेजर को विक्टोरिया अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। वहीं केंट पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायल मैनेजर की मेडिकल रिपोर्ट आते ही आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर थाना में हंगामा व नारेबाजी कर रहे कर्मचारियों व अधिकारियों ने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
📡 स्रोत: NewsData.io