राज्य

जबलपुर- मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिये रैपिड एक्शन टीम का गठन

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
जबलपुर- मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिये रैपिड एक्शन टीम का गठन

जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने गुरूवार स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में सभी मौसमी बीमारियों की वर्तमान स्थिति और उसके रोकथाम के लिए बनाई गई सूक्ष्म कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने मौसमी और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिये जिला स्तर पर रेपिड एक्शन टीम का गठन भी किया है।

रेपिड एक्शन टीम का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खुद करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी ने जिले के नागरिकों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताये हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अपने घर की छत में या कूलर में कही भी अनावश्यक पानी एकत्रित ना होने दें, जिससे मलेरिया के लार्वा न बन सके। साथ ही खाने-पीने के लिए हमेशा स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का उपयोग करें। डॉ कोठारी ने कहा कि भोजन बनाने और भोजन से पहले हाथों को साबुन एवं स्वच्छ पानी से अच्छी तरह धोएं।

ताजा बने हुए भोजन एवं खाद्य सामग्री का ही सेवन करें। अधिक समय तक रखा हुआ भोजन तथा बासी खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्री को उचित ढंग से ढककर रखें, ताकि उन्हें मक्खियों एवं धूल से दूषित होने से बचाया जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों को पीने के पानी के लिए सुरक्षित पेयजल स्रोत का ही उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि पानी के दूषित होने की संभावना हो तो पानी को उबालकर अथवा क्लोरीन की गोली का निर्धारित मात्रा में उपयोग कर सुरक्षित बनाएं।

गंदे, सड़े-गले एवं कटे-फटे फलों तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों को सब्जियों एवं फलों को साफ पानी से अच्छी तरह धोने के बाद ही उपयोग में लाने की सलाह भी दी है। उन्होंने कहा कि मक्खियों एवं अन्य कीटों से भोजन को बचाकर रखें।

घर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखें तथा शौचालय को साफ रखें। बरसात के दौरान स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल का विशेष ध्यान रखें। उल्टी-दस्त, बुखार, पीलिया अथवा अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लें।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।