जबलपुर में शराब दुकान हटाने महिलाओं का प्रदर्शन:दुकान पर ताला जड़ने की दी चेतावनी; असामाजिक तत्वों के जमावड़े से परेशान
जबलपुर के गोरा बाजार क्षेत्र में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाओं और नागरिकों ने प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते हैं। प्रदर्शनकारियों ने दुकान के बाहर सांकेतिक रूप से ताला लगाकर इसे हटाने की मांग की। शराब दुकान के बाहर लगाया ताला प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, 15 अगस्त के अगले दिन भी शराब दुकान नहीं खुली थी। महिलाओं ने चेतावनी दी कि इस बार दुकान का ताला किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दिया जाएगा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दुकान सुबह 8 बजे से देर रात तक खुली रहती है। उनका कहना है कि देर रात तक यहां असामाजिक तत्व शराब पीते हैं, जिससे राह चलती महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की घटनाएं होती हैं। 2 से 4 साल से कर रहे शिकायत महिलाओं ने बताया कि वे पिछले 2 से 4 साल से इस समस्या का सामना कर रही हैं। इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायतें की गईं और ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब की लत के कारण कई परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से शराब दुकान को आवासीय क्षेत्र से हटाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी महिलाओं ने कहा कि अगर दुकान को यहां से नहीं हटाया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगी। उनका कहना है कि दुकान के कारण क्षेत्र में महिलाओं और परिवारों को परेशानी हो रही है। पुलिस ने महिलाओं को समझाकर कराया शांत प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला प्रशासन के संज्ञान में ला दिया गया है। पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।
📡 स्रोत: NewsData.io